मध्यप्रदेश

MP News: विधानसभा के पटल पर पेश की गई आर्थिक सर्वेक्षण की रिपोर्ट, सीएम बोले एमपी की आर्थिक स्थिति हुई मजबूत

Sanjay Patel
28 Feb 2023 9:02 AM GMT
MP News: विधानसभा के पटल पर पेश की गई आर्थिक सर्वेक्षण की रिपोर्ट, सीएम बोले एमपी की आर्थिक स्थिति हुई मजबूत
x
MP News: मध्यप्रदेश विधानसभा बजट सत्र का आज दूसरा दिन है। विधानसभा के पटल पर आर्थिक सर्वेक्षण की रिपोर्ट पेश की गई।

मध्यप्रदेश विधानसभा बजट सत्र का आज दूसरा दिन है। विधानसभा के पटल पर आर्थिक सर्वेक्षण की रिपोर्ट पेश की गई। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आर्थिक सर्वेक्षण में जो तथ्य सामने आए हैं उससे सिद्ध होता है कि मध्यप्रदेश की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि एमपी की विकास दर में 16.34 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

कर्ज घटकर 22.6 प्रतिशत हो गया

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरकार पर लगातार कर्ज लेने का आरोप लगाया जाता है किंतु कर्ज में भी कमी आई है। आंकड़ों के हिसाब से पूर्व में 39.5 प्रतिशत कर्ज लिया जाता था। यह कर्ज का प्रतिशत वर्ष 2021-22 में घटकर 22.6 हो गया। स्ट्रीट वेंडर्स को 521 करोड़ से अधिक का ऋण प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि रॉयल्टी सेक्टर में भी विस्तार होने के साथ ही किसानों को एमएसएमई को 30.22 प्रतिशत ऋण प्रदान किया गया है। वर्ष 2002 में प्रदेश का सकल घरेलू उत्पाद 71594 करोड़ से बढ़ते हुए 1322000 करोड़ पर पहुंच गया है। पर कैपिटा इनकम में भी वृद्धि हुई है। 2002 में जहां प्रति व्यक्ति आय 11718 रुपए थी। वर्ष 2022-23 में यह बढ़कर 140500 रुपए पहुंच गई।

दिवंगत नेताओं को दी श्रद्धांजलि

एमपी विधानसभा दूसरे दिन का बजट सत्र शुरू होने से पूर्व मुख्यमंत्री ने विधानसभा में दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री के बाद नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित की गई। नेता प्रतिपक्ष डॉ. सिंह ने शरद यादव को याद करते हुए कहा कि मैं अगर विधायक बना तो इसमें शरद यादव का बहुत बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि शरद जी की प्रतिमा गांव में लगाने के लिए उनके भाई द्वारा फोन कर कहा गया था। वह सीएम से अनुरोध करते हैं कि शरद यादव की प्रतिमा लगाने के लिए पहल प्रारंभ की जाए। सत्र के दौरान भाजपा विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया ने कहा कि विपक्ष खुद ही आपसी गुटबाजी में कटा हुआ है। वह सदन नहीं चलने देना चाहते। उन्होंने कहा कि कल के राज्यपाल के अभिभाषण में विपक्ष चुप्पी साधे था।

Next Story