मध्यप्रदेश

एमपी के सीहोर अंतर्गत सलकनपुर में 211 करोड़ की लागत से बनेगा देवी लोक, सीएम ने रखी आधारशिला, यह होगी खासियत

Sanjay Patel
31 May 2023 11:50 AM GMT
एमपी के सीहोर अंतर्गत सलकनपुर में 211 करोड़ की लागत से बनेगा देवी लोक, सीएम ने रखी आधारशिला, यह होगी खासियत
x
MP News: मध्यप्रदेश के सीहोर जिला अंतर्गत सलकनुपर में 211 करोड़ 37 लाख रुपए की लागत से देवी लोक बनाया जाएगा। जिसके लिए आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विजयासन देवी धाम में इसकी आधारशिला रखी।

मध्यप्रदेश के सीहोर जिला अंतर्गत सलकनुपर में 211 करोड़ 37 लाख रुपए की लागत से देवी लोक बनाया जाएगा। जिसके लिए आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विजयासन देवी धाम में इसकी आधारशिला रखी। यहां 29 मई से तीन दिवसीय लोक महोत्सव का आयोजन भी किया जा रहा है जिसका आज आखिरी दिन है। आज तकरीबन डेढ़ लाख की संख्या में श्रद्धालु विजयासन देवी धाम पहुंचे।

देवी के नौ रूपों के होंगे दर्शन

सलकनपुर विजयासन धाम में देवी के नौ स्वरूपों की स्थापना होगी। यहां देवी लोक की आधारशिला रखने पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह काम देवी मां की प्रेरणा से ही हो रहा है। मां ने प्रेरणा दी कि देवी लोक बनाओ। उन्होंने कहा कि कई लोगों के दिमाग में यह सवाल आता है कि सरकार का काम तो सड़क, पुल-पुलिया, अस्पताल बनवाना है इसके साथ ही पानी की व्यवस्था करना है। लोग सोचते होंगे कि शिवराज मंदिर क्यों बनाने लगा। सीएम ने कहा कि हमारा धर्म, हमारी संस्कृति इनके भव्य मंदिर बनें और मां सब पर कृपा करे। यह सरकार का काम है कि नहीं, मंदिर बनेगा तो धर्म की ओर युवाओं का झुकाव होगा।

सीएम ने कहा मौजूद माताएं देवी का रूप

मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम में मौजूद माताएं उनके लिए देवी का रूप हैं। मां वहीं निवास करती हैं जहां मां और बहन-बेटियों का सम्मान होता है। लाडली लक्ष्मी योजना इसलिए बनाई ताकि कोई उसे बोझ नहीं समझे। बेटी नहीं बचाओगे तो बहू कहां से लाओगे। उन्होंने कहा कि यदि बहन बेटी तरफ कोई गलत नजर डालेगा तो उसे फांसी के फंदे पर चढ़ा दिया जाएगा। सीएम ने कहा कि दो प्रेरणा सबको देना मां, मध्यप्रदेश की धरती पर अत्याचार न हो, अन्याय न हो, सज्जनों का उद्धार हो, दुष्टों का संहार हो।

देवी लोक में यह होंगे निर्माण

पहाड़ी के ऊपर मणिद्वीप की अवधारणा के आधार पर निर्माण हो रहा है। देवी लोक में 64 योगिनी प्लाजा, फाउंटेन प्लाजा, पर्यटक सुविधा केन्द्र विकसित किए जाएंगे। 64 योगिनी प्लाजा को म्यूरल रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। इसकी कल्पना भेड़ाघाट तथा ओडिशा के हीरापुर से ली गई है। मंदिर के मुख्य द्वार के समीप सप्त मातृका की मूर्ति लगेंगी। वेटिंग हाल के टेरेस पर देवी काली, तारा, छिन्नमस्ता, सुंदरी, बगुला मातंगी, भुवनेश्वरी, सिद्ध विद्या, भैरवी और धूमावती की झांकियां बनाई जाएंगी। मुख्य द्वार का लाल पत्थरों से सौंदर्यीकरण होगा। पार्क समेत पर्यटकों के आराम के लिए भी आवश्यक सुविधाएं मौजूद रहेंगी। मां के नौ स्वरूपों की प्रतिमा स्थापित होगी। देवी लोक को लेकर सीएम ने कहा कि संत जो भी मार्गदर्शन देंगे उस हिसाब से इसमें बदलाव भी किया जाएगा। महाकाल लोक की तर्ज पर सलकनपुर में देवी लोक बनाया जा रहा है जिसे धार्मिक अवधारणा के अनुरूप विकसित किया जा रहा है।

Next Story