
- Home
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- PM मोदी ने 16961 करोड़...
PM मोदी ने 16961 करोड़ की विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास, मध्यप्रदेश की सभी तहसीलों में साइबर तहसील का हुआ शुभारंभ

रीवा/भोपाल। विकसित भारत विकसित मध्यप्रदेश के तहत प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से प्रदेश में 16961 करोड़ की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने जिले में साइबर तहसीलों का शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री ने उज्जैन में स्थापित विश्व की पहली विक्रमादित्य वैदिक घड़ी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर रीवा जिले में 141.20 करोड़ की लागत के 202 कार्यों का शिलान्यास भी हुआ। जिला स्तरीय कार्यक्रम नगर निगम टाउनहाल में आयोजित किया गया। इसके साथ-साथ सभी 6 विधानसभा क्षेत्रों में भी लोकार्पण और शिलान्यास के कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रधानमंत्री जी के उद्बोधन के सजीव प्रसारण को बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने सुना ।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि राज्यों के विकसित होने से ही भारत विकसित होगा। मध्यप्रदेश आज विकास की संकल्प यात्रा से जुड़ा है। यहाँ डबल इंजन की सरकार से विकास के नित नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। मध्यप्रदेश मेक इन इण्डिया का मजबूत संकल्प बनने की ओर अग्रसर है। हमारा एमपी अजब है और गजब है। यहाँ अधोसंरचना विकास के साथ-साथ सिंचाई सुविधाओं से नई क्रांति आ रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश को तीसरी बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनाने का संकल्प लेकर कार्य किया जा रहा है। बीते दो दशकों में मध्यप्रदेश में विकास के लिए उमंग का वातावरण बना है। यहाँ गति व प्रगति के साथ सभी क्षेत्रों में कार्य हो रहे हैं। खेती को लाभ का धंधा बनाने के लिए किसानों को पशुपालन, मधुमक्खी पालन, डेयरी उद्योग तथा उद्यानिकी जैसी गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है। मध्यप्रदेश देश में अग्रणी औद्योगिक राज्य बनने की ओर अग्रसर है। यहाँ शहरों के साथ-साथ गांवों में भी लोगों की आमदनी बढ़ाने के कार्य प्राथमिकता से कराए जा रहे हैं। रेल व सड़क मार्गों की कनेक्टिविटी बढ़ने से मध्यप्रदेश विकास की नित नई ऊँचाईयाँ छू रहा है और डबल इंजन सरकार से आने वाले समय में भी यह प्रदेश उच्चतम पायदान पर होगा। आने वाले पाँच वर्षों में महिला सशक्तिकरण के कार्यों को और अधिक गति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आपके सपने ही हमारा संकल्प है।
भोपाल में लाल परेड ग्राउण्ड में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल की उपस्थिति में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने स्वागत उद्बोधन में प्रधानमंत्री श्री मोदी का प्रदेश को दी जाने वाली सौगातों के लिए ह्मदय से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में प्रदेश विकास के नित नए सोपान तय कर रहा है। गांव के विकास के साथ-साथ शहरी विकास व रोजगार की नई संरचना भी स्थापित हो रही है। प्रदेश में आधुनिक विकास के साथ सांस्कृतिक व धार्मिक विकास के कार्य समान भाव से कराए जा रहे हैं। उन्होंने अपेक्षा की कि प्रधानमंत्री जी का आशीर्वाद व मार्गदर्शन प्रदेश को सदैव मिलता रहेगा। भोपाल के कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल, श्री जगदीश देवड़ा सहित मंत्रीगण, सांसद व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जिला स्तरीय कार्यक्रम नगर निगम टाउन हाल में आयोजित किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष नगर निगम श्री व्यंकटेश पाण्डेय ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रदेश में अंतिम छोर तक के व्यक्ति को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से योजनाएं संचालित की जा रही हैं। विगत 10 वर्षों में प्रदेश विकास के नित नए आयाम छू रहा है। रीवा विधानसभा क्षेत्र अन्तर्गत उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल के कुशल नेतृत्व में 22.20 करोड़ रुपए से अधिक के कार्यों का भूमिपूजन आज संपन्न हुआ जिसमें 10.16 करोड़ के कार्य नगर निगम क्षेत्र के हैं। जिले में अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है तथा अधोसंरचना निर्माण के कार्य तीव्र गति से कराए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कन्या विवाह, स्वामित्व योजना के तहत पट्टा वितरण, पीएम स्वनिधि योजना के हितग्राहियों एवं स्वसहायता समूह की महिलाओं को भी लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन आयुक्त नगर निगम श्रीमती संस्कृति जैन ने दिया। जिला स्तरीय कार्यक्रम में आयुक्त रीवा संभाग गोपालचन्द्र डाड, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ अजय सिंह, पूर्व मंत्री पुष्पराज सिंह, नेता प्रतिपक्ष दीनानाथ वर्मा सहित पार्षदगण, अधीक्षण यंत्री शैलेन्द्र शुक्ल और अधिकारी-कर्मचारी, बड़ी संख्या में आमजन व हितग्राही उपस्थित रहे। कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन वार्ड क्रमांक 12 की पार्षद ज्योति सिंह ने किया।
Neelam Dwivedi
Neelam Dwivedi is an experienced digital content editor in the field of journalism. She has been working with the Rewa Riyasat news portal since 2016, managing and editing news content in both Hindi and English. She covers a wide range of topics, including national and international news, politics, sports, technology, health, lifestyle, and social issues. Her work focuses on presenting clear, accurate, and easy-to-understand news for readers while staying updated with the latest trends in digital media.




