मध्यप्रदेश

एमपी की पॉवर मैनेजमेंट कंपनी के सर्वर पर सायबर अटैक, पुलिस तक पहुंची शिकायत

Sanjay Patel
26 May 2023 11:27 AM GMT
एमपी की पॉवर मैनेजमेंट कंपनी के सर्वर पर सायबर अटैक, पुलिस तक पहुंची शिकायत
x
MP News: मध्यप्रदेश की पॉवर मैनेजमेंट कंपनी के सर्वर पर सायबर अटैक का मामला प्रकाश में आया है। जिसकी शिकायत पुलिस में की गई है।

मध्यप्रदेश की पॉवर मैनेजमेंट कंपनी के सर्वर पर सायबर अटैक का मामला प्रकाश में आया है। जिसकी शिकायत पुलिस में की गई है। सायबर अटैक से कार्यालय में इंटरनेट बंद हो गया। ऑनलाइन मोड पर कंपनी का कोई भी कामकाज नहीं हो पा रहा है। इसके साथ ही कंपनी के अकाउंट को भी खतरा हो गया है। वहीं बिजली की खरीदी और बेचने की जानकारी लीक होने का भी अंदेशा है।

आईटी सेल कर रही जांच

पॉवर मैनेजमेंट कंपनी द्वारा साइबर अटैक की शिकायत जबलपुर के गोरखपुर पुलिस थाने में दर्ज करवाई गई है। शिकायत के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। पॉवर मैनेजर कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा सर्वर का उपयोग किया जाता है। जिसमें अकाउंट, बिजली खरीद-बिक्री, मानव संसाधन, स्थापना समेत अन्य कार्य होते हैं। पीएमसी के सर्वर को अचानक मंगलवार को हैकर्स के द्वारा हैक कर लिया गया। सर्वर हैक होते ही पीएमसी का पूरा सिस्टम ठप पड़ गया। चार दिन से कंपनी की आईटी सेल मामले का पता लगाने में जुटी हुई है किंतु उसके हाथ कोई पुख्ता जानकारी नहीं लग सकी है।

ऑनलाइन मोड पर कामकाज ठप

साइबर अटैक के बाद एमपी की पॉवर मैनेजमेंट कंपनी का ऑनलाइन मोड पर कामकाज पूरी तरह से ठप हो गया है। इसके साथ ही कंपनी के अकाउंट को भी खतरा है। गोरखपुर थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में सर्वर पर साइबर अटैक होने का जिक्र किया गया है। जिसके बाद पुलिस भी जांच में जुट गई है। यहां पर यह बता दें कि एमपी की मप्र पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी अपने सिस्टम को साइबर अटैक से पहले ही सुरक्षित कर चुकी है। पॉवर मैनेजमेंट कंपनी की आईटी सेल द्वारा भी मामले की जांच की जा रही है।

इनका कहना है

पॉवर मैनेजमेंट कंपनी के सीजीएमए एचआरए राजीव गुप्ता का कहना है कि कंपनी के सर्वर में गड़बड़ी के चलते किसी भी प्रकार के काम नहीं हो पा रहे हैं। मानव संसाधन से लेकर सारे काम प्रभावित हैं। सर्वर में तकनीकी खराब होने की जानकारी आईटी विभाग ही दे सकता है। कंपनी का आईटी विभाग जांच में जुटा हुआ है। वहीं जबलपुर के गोरखपुर थाना टीआई अरविंद चौबे का कहना है कि कंपनी द्वारा थाने में शिकायत की गई है। जिसमें कंपनी के सर्वर को हैक करने की बात बताई गई है। साइबर सेल मामले की जांच कर रही है।

Next Story