मध्यप्रदेश

जी-20 मीटिंग में सीएम शिवराज बोलेः खाद्य सुरक्षा में रहेगा मध्यप्रदेश का अहम रोल

Sanjay Patel
13 Feb 2023 10:28 AM GMT
जी-20 मीटिंग में सीएम शिवराज बोलेः खाद्य सुरक्षा में रहेगा मध्यप्रदेश का अहम रोल
x
G-20 Meeting: भारत की जी-20 अध्यक्षता के तहत एग्रीकल्चर वर्किंग ग्रुप की पहली मीटिंग की मेजबानी के लिए इंदौर पूरी तरह तैयार है। इसमें जी-20 सदस्य देशों, अतिथि देशों और अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

भारत की जी-20 अध्यक्षता के तहत एग्रीकल्चर वर्किंग ग्रुप की पहली मीटिंग की मेजबानी के लिए इंदौर पूरी तरह तैयार है। इसमें जी-20 सदस्य देशों, अतिथि देशों और अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। 13 फरवरी से प्रारंभ होने वाली यह मीटिंग तीन दिनों तक चलेगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने सोमवार को एग्रीकल्चर एक्जीबिशन का उद्घाटन किया। जिसमें कई स्टाल लगाए गए हैं जो आकर्षण का केन्द्र बने हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया की खाद्य आवश्यकताओं को पूरा करने काम उनके द्वारा किया जाएगा। खाद्य सुरक्षा में मध्यप्रदेश का अहम रोल रहेगा। अब तक प्रदेश में 60 हजार किसानों ने प्राकृतिक खेती के लिए अपना रजिस्ट्रेशन भी करवा लिया है। इसे और बढ़ाया जाएगा।

प्राकृतिक खेती का बढ़ा रकबा

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने कहा कि हमें देश दुनिया के लिए अन्न की व्यवस्था करना है। इसके साथ ही धरती के स्वास्थ्य का भी ध्यान रखा जाना है। केमिकल फर्टिलाइजर के उपयोग से जहां कई बीमारियों ने जन्म लिया है तो वह धरती से कीट-पतंगों, जीव-जंतुओं पर भी संकट मंडराने लगा है। हमें इनका भी ध्यान रखना है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में 15.5 लाख हेक्टेयर में प्राकृतिक खेती की जा रही है जिसे और बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश के किसानों की आय बढ़ाने के साथ, धरती और लोगों के स्वास्थ्य की भी रक्षा करने की दिशा में काम किया जा रहा है। श्रीअन्न को धरती से समाप्त नहीं होने दिया जाएगा। इसे लोगों को उपहार में देने की परंपरा प्रारंभ करना है।

एमपी में टाइगर हैंड शेक करने आता है

सीएम ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए टेक्नोलाजी का भी उपयोग किया जा रहा है। मध्यप्रदेश वह स्टेट है जहां टाइगर हैंड शेक करने आता है। जी-20 का यह सम्मेलन नई तकनीकों के साथ किसानों की आय बढ़ाने में भी मददगार साबित होगा। उन्होंने कहा कि हमारे जैविक खाद्यान्नों में मिलेट्स की मांग सबसे ज्यादा है। इसकी मांग बढ़ती जा रही है। इस दौरान उन्होंने लहरी बाई के बीज बैंक की सराहना की। विदेशी मेहमानों को मध्यप्रदेश की संस्कृति संबंधी गिफ्ट दी जाएगी। जिसमें पर्यटन, एग्रीकल्चर आदि की भूमिका रहेगी। पहले दिन विदेशी मेहमानों ने बोलिया छतरी राजबाड़ा से गोपाल तक हेरिटेज वाॅक भी किया। इस दौरान उनके द्वारा फोटो सेशन भी कराए गए।

Next Story