
- Home
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- मध्यप्रदेश के...
मध्यप्रदेश के Coronavirus से ग्रसित जिगर के टुकड़े को उसके माँ-बाप ही छोड़कर भागे, मचा हड़कंप
शिवपुरी/ कोरोना वायरस को लेकर लोग खौफजदा है। कोरोना का खौफ ऐसा है कि लोग अपनी जान बचाने के लिए जिंदगी और मौत से जूझ रहे जिगर के टुकड़े को भी अस्पताल में छोड़कर भाग जा रहे हैं। कुछ ऐसा ही मामला मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में सामने आया है। जहां बीस साल के जवान को बेटे को अस्पताल में छोड़कर उसके माता-पिता गांव भाग आए हैं।
दरअसल, शिवपुरी जिले के बरौदी गांव का एक परिवार मजदूरी करने के लिए मुंबई गया था। परिवार में माता-पिता के साथ 20 साल का बेटा भी था। करीब चार-पांच दिन पहले बेटे को कोरोना वायरस की पुष्टि हुई तो उसे अस्पताल में भर्ती कराकर माता-पिता वहां से भाग निकले। वो भी बिना जांच कराए। क्योंकि कोरोना पीड़िता बेटा तो उनके साथ ही रह रहा था।
गांव पहुंचने पर हड़कंप
मुंबई के अस्पताल में बेटे को भर्ती करवाकर दोनों गांव पहुंच गए। गांव वालों को जैसे ही यह जानकारी मिली तो गांव में हड़कंप मच गया। उसके बाद गांव के लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को दी। उसके बाद शनिवार को टीम गांव पहुंची और दोनों को जांच के लिए ले गई। पुलिस ने उनलोगों से पूछताछ भी की है। हालांकि बहुत ज्यादा जानकारी इनके बारे में सामने नहीं आई है। लेकिन गांव में दहशत का माहौल है।
अहमदाबाद से भी आया एक कोरोना पॉजिटिव
यहीं नहीं शिवपुरी में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग को यह भी जानकारी मिली कि जिले के बनवास गांव का दामाद और शिवपुरी जिले का रहने वाला एक युवक अहमदाबाद में नौकरी करता था, वहां करोना वायरस की पुष्टि हुई। इलाज के लिए वहां अस्पताल में भर्ती भी करवाया गया था, लेकिन अस्पताल से वह भाग निकला और बनवास गांव पहुंच गया।
गांव में भी नहीं मिला
स्थानीय लोगों के द्वारा सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची, लेकिन युवक यहां से भी गायब था। हैरानी की बात यह रही कि टीम ने लापरवाही बरतते हुए परिजनों का परीक्षण तक नहीं किया। ऐसे में गांव के लोगों में दहशत का माहौल है। गांव के लोग खुद ही बाहर से आने वाले लोगों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। साथ ही कोई भी संदिग्ध नजर आ रहा है तो उसकी सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन को दे रहे हैं।