मध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री शिवराज ने मंत्रियों से ली विकास यात्रा की रिपोर्ट, ग्राउंड में वर्किंग पर सुधार करने दी नसीहत

Sanjay Patel
19 Feb 2023 10:11 AM GMT
मुख्यमंत्री शिवराज ने मंत्रियों से ली विकास यात्रा की रिपोर्ट, ग्राउंड में वर्किंग पर सुधार करने दी नसीहत
x
MP News: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज सीएम हाउस में सभी मंत्रियों की बैठक ली। इस दौरान उनके द्वारा विकास यात्रा की समीक्षा की गई।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज सीएम हाउस में सभी मंत्रियों की बैठक ली। इस दौरान उनके द्वारा विकास यात्रा की समीक्षा की गई। मंत्रियों को मुख्यमंत्री ने ग्राउंड में वर्किंग पर सुधार करने की नसीहत दी। अलग-अलग जिलों में किए जा रहे नवाचारों पर सीएम ने कहा कि मंत्री फील्ड में अपनी स्थिति ठीक करें। कार्यकर्ताओं और जनता के बीच कम्युनिकेशन गैप नहीं होना चाहिए। जिसकी फिर से जल्द ही समीक्षा भी की जाएगी। विकास यात्रा के दौरान जनता की जो भी समस्याएं मिली हैं उन्हें चिन्हित कर निराकरण करें।

मंत्रियों ने दी दो-दो जिलों की रिपोर्ट

बैठक के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए गृहमंत्री डाॅ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि विकास यात्रा को लेकर समीक्षात्मक बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें मंत्रियों ने अपने गृह जिले और प्रभार वाले जिलों की जानकारी इस मौके पर प्रदान की। उन्होंने कहा कि विकास यात्रा में विधायक, सांसद और मंत्री जिस तरह से जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं के निराकरण करने के साथ ही लाभ प्रदान कर रहे हैं उससे सकारात्मक वातावरण बना है। जल जीवन मिशन के लिए 58 हजार करोड़ की राशि मिली है जिससे हर घर को नल का पानी मुहैया कराया जाएगा। काम में कसावट को लेकर उन्होंने कहा कि विकास यात्रा का उद्देश्य ही यही है।

कैबिनेट में चार मंत्रियों की जगह खाली

सूत्रों का कहना है कि विकास यात्रा की मौजूदा मंत्रियों की परफार्मेंस रिपोर्ट के साथ ही फीडबैक संघ के क्षेत्रीय प्रचारक दीपक विस्पुते के पास भेज दी गई है। ऐसे में माना जा रहा है कि कैबिनेट में कभी भी बदलाव हो सकता है। लम्बे समय से शिवराज कैबिनेट का विस्तार टलता आ रहा है। चार मंत्रियों की जगह अभी भी कैबिनेट में खाली पड़ी हुई है। यहां उल्लेखनीय है कि मौजूदा कैबिनेट में वर्तमान समय पर 30 मंत्री हैं। जिनमें से 23 कैबिनेट मंत्री के साथ ही 7 राज्य मंत्री हैं। सिंधिया समर्थ 10 मंत्री शिवराज कैबिनेट में हैं। परफार्मेंस रिपोर्ट भेजने के बाद अब यह कयास लगाए जा रहे हैं कि कभी भी शिवराज कैबिनेट में बदलाव किया जा सकता है।

Next Story