मध्यप्रदेश

एमपी के मुरैना में बरसाई ताबड़तोड़ गोलियां, महिलाओं समेत 6 लोगों की मौत, 3 गंभीर

Sanjay Patel
5 May 2023 8:22 AM GMT
एमपी के मुरैना में बरसाई ताबड़तोड़ गोलियां, महिलाओं समेत 6 लोगों की मौत, 3 गंभीर
x
MP News: एमपी के मुरैना में दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। सुबह शुरू हुए विवाद में पहले लाठियां निकलीं इसके बाद लोगों ने बंदूकें निकाल लीं।

एमपी के मुरैना में दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। सुबह शुरू हुए विवाद में पहले लाठियां निकलीं इसके बाद लोगों ने बंदूकें निकाल लीं। बंदूक हाथ में आते ही ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। जिसमें महिलाओं समेत 6 लोगों की मौत हो गई। जबकि तीन लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। जिनको उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जमीन को लेकर हुआ विवाद

चंबल अंचल का मुरैना आज एक बार फिर गोलियों की गड़गड़ाहट से थर्रा उठा। मुरैना के सिहोनिया थाना क्षेत्र के लेपा भिडोसा गांव में दो पक्षों के बीच जमीन को लेकर आज सुबह विवाद हुआ। जिसके बाद दोनों पक्षों ने पहले तो लाठियां निकालीं। किंतु विवाद इतना बढ़ गया कि बंदूकें तक निकल आईं। सुबह तकरीबन 6 बजे गांव के दो परिवार आपस में भिड़ गए। घरों की महिलाएं भी इसमें शामिल थीं। बताया गया है कि एक पक्ष ने बंदूकें निकाल लीं और दूसरे पक्ष पर ताबड़तोड़ फायरिंग प्रारंभ कर दी। जिससे मौके पर भगदड़ मच गई। देखते ही देखते 6 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सभी मृतक एक ही परिवार के हैं। इसमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं।

तीन का चल रहा उपचार

मौके पर ताबड़तोड़ गोली बरसाए जाने से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिनको अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों की मानें तो दोनों परिवारों के बीच लम्बे समय से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था। इसी विवाद के चलते लेपा गांव में वर्ष 2014 में भी मर्डर हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही सिहोनिया थाने का पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया। गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गई है। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

गोली लगने से इनकी हुई मौत

एमपी मुरैना के सिहोनिया थाना क्षेत्र के लेपा भिडोसा गांव में दो पक्षों के बीच जमीन विवाद ने आज 6 लोगों की जान ले ली। एक पक्ष द्वारा मौके पर गोली बरसाए जाने से दूसरे पक्ष के संजू सिंह, उनके पिता व सत्यप्रकाश के साथ इसी परिवार की 3 महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि नीरज सिंह, विनोद और वीरेन्द्र गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जिनका अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।

मृतक के परिजनों ने लगाए आरोप

घटना के संबंध में मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि पूर्व से ही जमीन का विवाद चल रहा था। इस दौरान आज सुबह आठ की संख्या में लोग गाड़ी से उतरे और बिना कुछ सोचे समझे फायरिंग शुरू कर दी। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाते हुए कहा कि बलराम, छोटू, सोनू पुत्र वीरभान, श्यामू, भूरे पुत्र सोभराज और रामू, मोनू पुत्र धीर सिंह ने मौके पर अंधाधुंध फायरिंग की जिससे 6 लोगों की अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर तलाश प्रारंभ कर दी है।

Next Story