मध्यप्रदेश

एमपी को इस कार्य के लिए सर्वश्रेष्ठ राज्य का पुरस्कार, मंत्रालय ने की घोषणा, सीएम ने दी बधाई

Sanjay Patel
17 May 2023 11:34 AM GMT
एमपी को इस कार्य के लिए सर्वश्रेष्ठ राज्य का पुरस्कार, मंत्रालय ने की घोषणा, सीएम ने दी बधाई
x
MP News: केन्द्रीय जलशक्ति मंत्रालय द्वारा मध्यप्रदेश को जल संसाधन में बेहतर उपयोग, जल संरचनाओं के संरक्षण और संवर्धन में उत्कृष्ट कार्य के लिए राष्ट्रीय जल पुरस्कार, 2022 की सर्वश्रेष्ठ राज्य श्रेणी में प्रथम स्थान के लिए चुना गया है।

मध्यप्रदेश ने देश में एक बार पुनः अपना मान बढ़ाया है। केन्द्रीय जलशक्ति मंत्रालय द्वारा मध्यप्रदेश को जल संसाधन में बेहतर उपयोग, जल संरचनाओं के संरक्षण और संवर्धन में उत्कृष्ट कार्य के लिए राष्ट्रीय जल पुरस्कार, 2022 की सर्वश्रेष्ठ राज्य श्रेणी में प्रथम स्थान के लिए चुना गया है। जिसमें एमपी को ट्राफी और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार समारोह शीघ्र होगा।

मुख्यमंत्री शिवराज ने दी बधाई

एमपी को इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों के साथ ही अधिकारियों को भी बधाई दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पर्यावरण के साथ सामंजस्य से विकास की ओर सतत आगे बढ़ते रहने में भारत आज विश्व का मार्गदर्शक है। सीएम ने पीएम नरेन्द्र मोदी एवं केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत के प्रति आभार जताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल संरचनाओं का संरक्षण, संवर्धन एवं उचित प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण का एक महत्वपूर्ण घटक है। यह बहुत गौरव की बात है कि समूचा एमपी इस दिशा में एकजुट होकर प्रयास कर रहा है, यह सम्मान मध्यप्रदेश की इसी सोच का प्रमाण है।

इसमें मिला सम्मान

सर्वश्रेष्ठ राज्य श्रेणी में विभिन्न घटकों जल जीवन मिशन एवं जल शक्ति अभियान की उपलब्धियों, जल संसाधन के संरक्षण व संवर्धन के प्रयास, वाटर पॉलिसी, सिंचाई के परंपरागत तरीकों के स्थान पर माइक्रो इरीगेशन तकनीक का प्रयोग, जल संरचनाओं का पुनरुद्धार, सीवेज व औद्योगिक अपशिष्ट पानी को उचित कर पुनः उसका उपयोग, नवीन माइक्रो इरीगेशन प्रोजेक्ट्स का क्रियान्वयन, जल उपयोग की दक्षता आदि क्षेत्रों में किए गए प्रयासों एवं उपलब्धियों का मूल्यांकन कर एमपी को सर्वश्रेष्ठ राज्य से नवाजा गया।

ट्रॉफी के साथ मिलेगा नकद पुरस्कार

चतुर्थ राष्ट्रीय जल पुरस्कार अंतर्गत राज्यों, संगठनों और व्यक्तियों आदि को 11 विभिन्न श्रेणियों सर्वश्रेष्ठ राज्य, सर्वश्रेष्ठ जिला, सर्वश्रेष्ठ ग्राम पंचायत, सर्वश्रेष्ठ शहरी स्थानीय निकाय, सर्वश्रेष्ठ मीडिया प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक, सर्वश्रेष्ठ स्कूल, कैम्पस उपयोग के लिए सर्वश्रेष्ठ संस्थान में आरडब्ल्यूए, धार्मिक, उच्च शिक्षण संस्थान, सर्वश्रेष्ठ इंडस्ट्री, सर्वश्रेष्ठ एनजीओ, सर्वश्रेष्ठ वॉटर यूजर एसोसिएशन और सीएसआर गतिविधि के लिए सर्वश्रेष्ठ उद्योग की श्रेणी में पुरस्कृत किया जा रहा है। विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार विजेताओं को प्रशस्ति पत्र, ट्राफी के साथ ही नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। एकीकृत राष्ट्रीय जल पुरस्कार की परिकल्पना हितधारकों और लोगों को जल संसाधन प्रबंधन के प्रति समग्र दृष्टिकोण अपनाने और प्रोत्साहित करने के लिए की गई है। यह पुरस्कार पानी के महत्व के प्रति जनता के बीच जागरुकता पैदा करने और प्रभावी जल प्रबंधन में सर्वोत्तम प्रथाओं को अपनाने के लिए प्रेरित करने का भी प्रयास करते हैं।

Next Story