मध्यप्रदेश

आज 15 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी: MP-अरुणाचल में बहुत भारी बारिश का अलर्ट, UP-बिहार में गंगा उफान पर

Aaryan Puneet Dwivedi
9 Aug 2024 9:41 AM IST
Updated: 2024-08-09 13:58:03
आज 15 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी: MP-अरुणाचल में बहुत भारी बारिश का अलर्ट, UP-बिहार में गंगा उफान पर
x
देश के कई हिस्सों में भारी बारिश का कहर जारी है। मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश और अरुणाचल प्रदेश में बहुत भारी बारिश और 15 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

देश के कई हिस्सों में भारी बारिश का कहर जारी है। उत्तर प्रदेश और बिहार में गंगा नदी उफान पर है, जिससे कई जिलों में जल स्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। इसी बीच मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश और अरुणाचल प्रदेश में बहुत भारी बारिश और 15 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

राज्यों में मौसम का हाल

बहुत भारी बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश।

भारी बारिश का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा।

तूफान, बिजली गिरने का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, सिक्किम, नगालैंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, तमिलनाडु, केरल, लक्षद्वीप, कर्नाटक।

उप्र-बिहार में गंगा उफान पर

उत्तर प्रदेश और बिहार में भारी बारिश के कारण गंगा नदी का जलस्तर कई स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। बलिया में गंगा का पानी खतरे के निशान से 1 मीटर ऊपर बह रहा है, जबकि वाराणसी में गंगा का जलस्तर 69 मीटर को पार कर चुका है, जिससे 85 घाट पानी में डूब गए हैं। इसके अलावा, घाटों के किनारे स्थित 500 से अधिक मंदिर भी जलमग्न हो गए हैं। बिहार के पटना और बक्सर में भी गंगा नदी उफान पर है, जबकि गंडक, बागमती और कोसी नदियों का जलस्तर भी चिंताजनक है।

बिहार के कई जिलों में बाढ़

बिहार के पश्चिम चंपारण, सुपौल, नालंदा और गया जिलों में बाढ़ की स्थिति गंभीर है, जहां करीब 4,000 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। डिजास्टर मैनेजमेंट डिपार्टमेंट की रिपोर्ट के अनुसार, इन क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य जारी है। मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार, 9 अगस्त को देश के 15 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी है, जिसमें मध्य प्रदेश और अरुणाचल प्रदेश में बहुत भारी बारिश का विशेष अलर्ट जारी किया गया है।

हिमाचल में 13 शव मिले

हिमाचल प्रदेश में 31 जुलाई को बादल फटने की घटना के 8 दिन बाद गुरुवार को 13 शव बरामद हुए। समेज क्षेत्र में बादल फटने के बाद कई लोग लापता हो गए थे, जिनकी तलाश जारी है। राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान 194 सड़कों को भारी बारिश के कारण बंद कर दिया गया है, जिनमें से अधिकांश शिमला जिले में स्थित हैं। मानसून के दौरान, हिमाचल में 98 घर पूरी तरह से नष्ट हो चुके हैं और 205 घरों को आंशिक नुकसान हुआ है। इस सीजन में प्रदेश में 802 करोड़ रुपये की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है।

राजस्थान में रेगिस्तानी इलाकों में बह रहीं नदियां

राजस्थान के जैसलमेर जिले में,8 साल बाद पहली बार इतनी भारी बारिश हुई है कि रेगिस्तानी इलाकों में भी नदियां बहने लगी हैं। भारी बारिश से जिले में तीन लोगों की मौत हो गई है, और प्रशासन राहत कार्यों में जुटा हुआ है। जैसलमेर का सम गांव, जो अपनी रेतीली धोरों के लिए मशहूर है, अब बारिश के पानी में डूबा हुआ नजर आ रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लेने के लिए मौके पर दौरा किया और राहत कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया है।

Aaryan Puneet Dwivedi

Aaryan Puneet Dwivedi

Aaryan Puneet Dwivedi is a senior editor and an experienced journalist who has been active in the news industry since 2013. He has extensive experience covering and editing news across multiple fields, including politics, national and international affairs, sports, technology, business, and social issues. He is a state-level accredited journalist recognized by the Madhya Pradesh government. Known for his in-depth understanding of news and current affairs, he focuses on delivering accurate, reliable, and reader-friendly information across all major news categories.

Next Story