मध्यप्रदेश

एमपी के मंदसौर में रोजा इफ्तारी के बाद 100 लोग फूड पॉइजनिंग के शिकार, अस्पताल में हुए भर्ती

Sanjay Patel
20 April 2023 8:30 AM GMT
एमपी के मंदसौर में रोजा इफ्तारी के बाद 100 लोग फूड पॉइजनिंग के शिकार, अस्पताल में हुए भर्ती
x
MP News: एमपी के मंदसौर में रोजा इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया था। जिसमें बुधवार की देर रात तकरीबन सैकड़ा भर लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए।

एमपी के मंदसौर में रोजा इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया था। जिसमें बुधवार की देर रात तकरीबन सैकड़ा भर लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए। उल्टी-दस्त और घबराहट होने के बाद इनको देर रात 3 बजे एम्बुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिला अस्पताल में उपचार के बाद अधिकांश लोगों को आज सुबह डिस्चार्ज कर दिया गया। इस पार्टी में तकरीबन 100 से 150 लोग शामिल हुए थे।

रात में बिगड़ने लगी तबीयत

मंदसौर जिले के गुदरी इलाके में बुधवार की शाम रोजा इफ्तार पार्टी का आयोजन हुआ। जिसमें तकरीबन डेढ़ सौ लोग शामिल हुए। जिनमें से कई लोगों रात 1 बजे के आसपास उल्टी-दस्त और घबराहट होने लगी। हालत बिगड़ते देख रात्रि 3 बजे तकरीबन 80 लोगों को जिला अस्पताल में एम्बुलेंस के माध्यम से भर्ती कराया गया। इसके बाद भी कुछ लोग तबीयत खराब होने पर अस्पताल पहुंचे। बताया जा रहा है कि पार्टी में मिठाई परोसी गई थी। ऐसी आशंका जताई गई है कि दूषित मावे से बनी मिठाई खाने से लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए।

अब हालत में सुधार

रोजा इफ्तार पार्टी में शामिल हुईं यासमीन बी के मुताबिक उन्होंने फल खाए थे। इसके बाद खाना भी खाया था जिसमें नॉनवेज और मिठाई शामिल थीं। पार्टी के बाद जैसे ही वह घर पहुंचीं रात तकरीबन 1 बजे के आसपास उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। उन्होंने बताया कि मोहल्ले के करीब 100 लोगों को ऐसी ही शिकायतें हो रही थी। एम्बुलेंस आई तो वह भी उसमें बैठकर अस्पताल चली गईं। जहां से आज सुबह छुट्टी दे दी गई। अब हालत में सुधार है।

इनका कहना है

इस संबंध में जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. डीके सर्जन का कहना है कि रोजा इफ्तार पार्टी में शामिल होने के बाद तकरीबन 100 लोगों की तबीयत बिगड़ गई थी। जिनको रात में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसमें 10 बच्चे भी शामिल थे। पार्टी में शामिल हुए एक युवक ने बताया कि पार्टी में मावे से बने पकवान खाने से सभी की तबीयत बिगड़ी। हालत में सुधार होने पर उन्हें आज डिस्चार्ज कर दिया गया है।

Next Story