मध्यप्रदेश

एमपी में महाकाल लोक के बाद अब सलकनपुर का देवी लोक बनेगा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केन्द्र

Sanjay Patel
17 May 2023 6:32 AM GMT
एमपी में महाकाल लोक के बाद अब सलकनपुर का देवी लोक बनेगा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केन्द्र
x
MP News: मध्यप्रदेश के उज्जैन में भगवान शिव के आशीर्वाद से महाकाल लोक विकसित हुआ। अब सीहोर जिले के सलकनपुर में देवी लोक का निर्माण किया जाएगा।

मध्यप्रदेश के उज्जैन में भगवान शिव के आशीर्वाद से महाकाल लोक विकसित हुआ। अब सीहोर जिले के सलकनपुर में देवी लोक का निर्माण किया जाएगा। यह बातें एमपी के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहीं। वह मुख्यमंत्री निवास में ग्राम और नगर स्तरीय आयोजन समितियों के सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे।

एमपी की धरती पर मां की कृपा रही है

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश की पवित्र धरती पर सदैव मां की कृपा रही है। सीहोर जिले के सलकनुपर में देवी लोक का निर्माण होगा। आगामी 31 मई को भूमिपूजन और शिलापूजन कार्यक्रम होने जा रहा है। देवी लोक के निर्माण में जन-जन का योगदान हो। इस उद्देश्य से ग्रामों से ईंट, शिला संकलन का कार्य प्रारंभ हो रहा है जो मां के चरणों में अर्पित की जाएगी। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं का यह उत्साह और देवी लोक निर्माण के लिए बना वातावरण मैया की कृपा से ही संभव हो सका है।

शिलाएं एकत्र करने रथ यात्रा रवाना

सीएम ने देवी लोक महोत्सव के पूर्व ग्रामों से शिलाएं एकत्र करने के लिए रथ यात्रा रवाना की। एकत्र शिलाओं का उपयोग देवी लोक के निर्माण के लिए किया जाएगा। सीएम ने सिर पर देवी जी की चरण पादुका रखकर रथ यात्रा के वाहन को सौंपी। मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी साधना सिंह चौहान ने भी यात्रा के लिए चरण पादुकाएं प्रदान कीं। सीएम ने देवी लोक महोत्सव का डीपी और पोस्टर का अनावरण किया।

अनेक सुविधाओं से होगा युक्त

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि एमपी में सलकनपुर में निर्मित होने वाले देवी लोक का धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन की दृष्टि से विशेष महत्व रहेगा। यहां पहुंचने के लिए सीढ़ियों के मार्ग, सड़क मार्ग, रोपवे आदि उपलब्ध हैं। देवी लोक निर्माण के बाद श्रद्धालुओं के निवास, खान पान से जुड़ी सुविधाओं में वृद्धि होगी। मप्र की राजधानी भोपाल से नजदीक होने के कारण इस प्रमुख आराधना स्थल में पहुंचने वालों की संख्या लाखों में होती है। अनेक जिलों से श्रद्धालु पद यात्रा करते हुए प्राकृतिक सुंदरता से परिपूर्ण स्थान सलकनपुर पहुंचते हैं। देवी लोक के निर्माण से इन सुविधाओं में वृद्धि होगी और श्रद्धालु मैया के दर्शन के साथ ही विभिन्न सुविधाओं का उपयोग करते हुए यहां कुछ समय व्यतीत कर सकेंगे।

Next Story