मध्यप्रदेश

एमपी में डॉक्टर और उसकी पत्नी को मौत के घाट उतारने के बाद आरोपी ने खुद को मारी गोली

Sanjay Patel
30 Sep 2023 11:26 AM GMT
एमपी में डॉक्टर और उसकी पत्नी को मौत के घाट उतारने के बाद आरोपी ने खुद को मारी गोली
x
MP News: मध्यप्रदेश में दिल को दहला देने वाली वारदात सामने आई है। आरोपी ने डॉक्टर और उसकी पत्नी को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया, इसके बाद खुद को गोली मार ली।

मध्यप्रदेश में दिल को दहला देने वाली वारदात सामने आई है। आरोपी ने डॉक्टर और उसकी पत्नी को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया, इसके बाद खुद को गोली मार ली। इस घटना के बाद मौके पर हड़कम्प की स्थिति निर्मित हो गई। गोली लगने के बाद आनन फानन में दंपती को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया किंतु चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

क्लीनिक में घुसकर दिया वारदात को अंजाम

यह घटना एमपी के छिंदवाड़ा के अमरवाड़ा में घटित हुई। घटना को आज दोपहर तकरीबन 2.15 बजे अंजाम दिया गया। हासिल जानकारी के मुताबिक बीएचएमएस डॉक्टर महेश डेहरिया उम्र 55 वर्ष और उनकी पत्नी वंदना डेहरिया उम्र 50 वर्ष अमरवाड़ा के खमरा रोड पर स्थित अपने क्लीनिक पर थे। तभी सोनू मालवीय उर्फ प्रिंस 25 वर्ष पहुंचा और उन पर गोलियां बरसा दीं। घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने दंपती को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया किंतु तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

आरोपी ने खुद को मारी गोली

इस घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी सोनू मालवीय उर्फ प्रिंस ने खुद को भी गोली मार ली। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी ने अपने सिर पर गोली मारकर आत्महत्या का प्रयास किया है। आरोपी ने डॉ. महेश डेहरिया को छाती में गोली मारी थी। जबकि डॉक्टर को बचाने के चक्कर में पत्नी भी सामने आ गईं, ऐसे में उनके पीठ में गोली लगी है। सिविल सर्जन डॉ. सोनिया के मुताबिक डॉक्टर और उनकी पत्नी ने जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया था। चिकित्सकों ने उनकी जांच करने के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जानकारी में यह सामने आया है कि युवक ने पुरानी रंजिश के चलते दंपती पर हमला किया है। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। दंपती को गोली मारने की असली वजह जांच उपरांत ही स्पष्ट हो सकेगी।

Next Story