मध्यप्रदेश

एमपी के नर्मदापुरम की दूधी नदी में डूब गए थे 5 बच्चे, रेस्क्यू टीम ने शव किए बरामद

Sanjay Patel
3 Sep 2023 8:40 AM GMT
एमपी के नर्मदापुरम की दूधी नदी में डूब गए थे 5 बच्चे, रेस्क्यू टीम ने शव किए बरामद
x
MP News: मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम में दूधी नदी में नहाने के लिए उतरे पांच बच्चे गहरे पानी में डूब गए थे। जिसके बाद इनकी खोजबीन के लिए रेस्क्यू अभियान प्रारंभ किया गया।

मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम में दूधी नदी में नहाने के लिए उतरे पांच बच्चे गहरे पानी में डूब गए थे। जिसके बाद इनकी खोजबीन के लिए रेस्क्यू अभियान प्रारंभ किया गया। रेस्क्यू दल ने नदी से पांचों के शव को बरामद कर लिया है। जिनका पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। एक साथ पांच लोगों की मौत से समूचे गांव में मातम का माहौल है।

नहाते समय हुआ था हादसा

यह हादसा बनखेड़ी से सटे डूमर गांव में नदी के जैतवाड़ा घाट पर घटित हुआ। मिली जानकारी के अनुसार 6 लड़के दूधी नदी में नहाने के लिए शनिवार को गए हुए थे। जिनमें से बच्चे नदी में नहाने के लिए उतरे जो पानी की गहराई में चले गए। छठवें बच्चे ने जब यह मंजर देखा तो दौड़ते हुए गांव पहुंचा। इस घटना से लोगों को अवगत करवाया। जिसके बाद नदी में इनकी खोजबीन के लिए रेस्क्यू अभियान प्रारंभ किया गया। शनिवार को ही दो बच्चों का शव बरामद कर लिया गया किंतु इस दौरान अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू कार्य को रोक दिया गया। रविवार की सुबह पुनः रेस्क्यू शुरू किया गया तब जाकर तीन बच्चों के शव मिल सके।

इन बच्चों की हुई मौत

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक डूमर गांव के अनिकेत पिता ओमप्रकाश अहिरवार 18 वर्ष, करण पिता कमोद अहिरवार 18 वर्ष, किशन पिता पप्पू अहिरवार 18 वर्ष, समीर पिता अवधेश वंशकर 14 और दीपकेश पिता दुर्गेश अहिरवार 16 वर्ष की नदी में डूबने से मौत हो गई। जबकि छठवां दोस्त राजा नदी के बाहर ही बैठा रहा। जिसने पांचों दोस्तों को रेत से फिसलकर नदी के गहरे पानी में डूबते हुए देखा और ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी।

इनका कहना है

इस संबंध में एसडीएम पिपरिया संतोश कुमार तिवारी के मुताबिक नदी से देर रात करण और दीपेश के शव बरामद कर लिए गए थे। जबकि रविवार को सुबह समीर वंशकार, अनिकेत अहिरवार और किशन अहिरवार के शव बरामद हुए हैं। सभी बच्चे डूमर गांव के निवासी बताए गए हैं। कलेक्टर नीरज कुमार सिंह के निर्देशानुसार सभी बच्चों के परिजनों को तत्काल 5-5 हजार रुपए की अंत्येष्टि सहायता प्रदान की गई है। इसके अलावा चार-चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता और दी जाएगी।

Next Story