मध्यप्रदेश

एमपी के सिवनी में डूब जाने से 4 बच्चों की मौत, तालाब में नहाने के लिए गए थे

Sanjay Patel
5 Jun 2023 11:14 AM GMT
एमपी के सिवनी में डूब जाने से 4 बच्चों की मौत, तालाब में नहाने के लिए गए थे
x
MP News: मध्यप्रदेश के सिवनी में आज बच्चों के पानी में डूबने की दो घटनाएं प्रकाश में आई हैं। जिसमें चार बच्चों की मौत हो गई। पहली घटना में जहां तीन बच्चे एक साथ पानी में डूब गए तो वहीं दूसरी घटना में एक बच्चा गहरे पानी में चला गया।

मध्यप्रदेश के सिवनी में आज बच्चों के पानी में डूबने की दो घटनाएं प्रकाश में आई हैं। जिसमें चार बच्चों की मौत हो गई। पहली घटना में जहां तीन बच्चे एक साथ पानी में डूब गए तो वहीं दूसरी घटना में एक बच्चा गहरे पानी में चला गया। घटना की जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव बरामद करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया।

तालाब के गहरे पानी में डूब गए तीन बच्चे

सिवनी जिले के छपारा थाना अंतर्गत ग्राम देवगांव में सोमवार की सुबह लगभग 11 बजे तालाब में डूब जाने से तीन मासूमों की मौत हो गई। बताया गया है कि छपारा के अंतर्गत देवगांव के एक तालाब में 5 जून की सुबह चार बच्चे नहाने के लिए गए हुए थे। एक बालक आनंद झारिया तालाब के बाहर बैठा था जबकि अन्य तीन बच्चे तालाब के पानी में नहाने के लिए उतर गए। नहाने के दौरान वह गहरे पानी में पहुंच गए। गहरे पानी में डूब जाने से तीनों की मौत हो गई। मृतकों में आदर्श पिता भारत झरिया उम्र 6 वर्ष, दीपांशु पिता सुरेश यादव उम्र 5 वर्ष और आदित्य पिता राजेश झरिया उम्र 5 वर्ष शामिल हैं। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद करने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

बैनगंगा नदी में भी हादसा

सिवनी जिला मुख्यालय से तरकीनब 50 किलोमीटर दूर बैनगंगा नदी के मझगवां घाट पर एक बालक की डूबने से मौत हो गई। पलारी पुलिस चौकी प्रभारी आशीष खोब्रागढ़े के मुताबिक 12 वर्षीय बालक की पहचान जागेश्वर उर्फ अमन पुत्र सुभाष ठाकुर निवासी चिरचिरा के रूप में की गई है। जबकि उसके साथ गए चचेरे भाई को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। अमन का चचेरा भाई अनुराग पुत्र मुन्नू ठाकुर 17 वर्ष व अपने दादा के साथ अमन 5 जून की सुबह बैनगंगा नदी के मझगवां घाट पर नहा रहा था। बच्चों के नहाने से पूर्व दादा स्नान कर घर की ओर जाने लगे। इस दौरान बच्चों को दादा ने साथ चलने को कहा किंतु बच्चे नदी से बाहर नहीं आए। इस दौरान अमर नदी के गहराई में पहुंच गया जिससे वह डूबने लगा। उसे बचाने के चक्कर में अनुराग भी डूबने लगा। आसपास के लोगों ने दोनों को नदी से बाहर निकाला। तब तक अमन की मौत हो चुकी थी। जबकि अनुराग को उपचार के लिए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है।

Next Story