मुरैना

एमपी के मुरैना में बाल संप्रेक्षण गृह से भागे 8 किशोर, बाथरूम की खिड़की तोड़ हो गए फरार

Sanjay Patel
3 July 2023 8:18 AM GMT
एमपी के मुरैना में बाल संप्रेक्षण गृह से भागे 8 किशोर, बाथरूम की खिड़की तोड़ हो गए फरार
x
MP News: मध्यप्रदेश के मुरैना में बाल संप्रेक्षण गृह में बंद 8 किशोर भाग निकले। यह किशोर हत्या और बलात्कार जैसे गंभीर अपराधों में यहां पर बंद थे।

मध्यप्रदेश के मुरैना में बाल संप्रेक्षण गृह में बंद 8 किशोर भाग निकले। यह किशोर हत्या और बलात्कार जैसे गंभीर अपराधों में यहां पर बंद थे। संप्रेक्षण गृह में कुल 12 किशोर बंद थे जिनमें से 8 मौके से फरार हो गए। इस घटना की जानकारी लगते हुए हड़कम्प की स्थिति निर्मित हो गई। अब फरार हुए किशोरों की खोजबीन प्रारंभ कर दी गई है।

भागने के लिए अपनाया यह तरीका

बाल संप्रेक्षण गृह मुरैना से 8 किशोर फरार हो गए। रविवार को भागे यह किशोर मुरैना, भिंड और श्योपुर जिलों के हैं। जो हत्या और बलात्कार जैसे संगीन अपराधों में पकड़े जाने के बाद सम्प्रेक्षण गृह में बंद थे। बाल सम्प्रेक्षण गृह से बाहर निकलने के लिए लोहे के नुकीले पाइप से बाथरूम की खिड़की को तोड़कर डेढ़ फीट चौड़ा होल बनाया। जिसके बाद बाथरूम में बाल्टी के ऊपर ईंट रखकर मौके से फरार हो गए। बताया गया है कि इन किशोरों ने रविवार को पूर्वान्ह 11.30 बजे से 12 बजे के बीच लंच किया था। जिसके बाद गार्ड उन्हें दोपहर 1.30 बजे चेक करके भी आया था।

सुरक्षा के लिए तैनात थे जवान

साप्ताहिक अवकाश होने के कारण घटना के समय बाल सम्प्रेक्षण गृह में कोई मौजूद नहीं था। सुरक्षा के लिए यहां विशेष सशस्त्र बल के चार जवान अपनी ड्यूटी कर रहे थे। अवकाश का लाभ उठाकर अपचारी किशोरों ने संप्रेक्षण गृह से बाहर निकलने का प्लान बनाया और वहां से गायब हो गए। रविवार को सम्प्रेक्षण गृह में अपचारी किशोरों की देखभाल के लिए हाउस मास्टर उमेश यादव, लेखापाल बाबू राजेन्द्र नागर, भृत्य अविनाश शर्मा व अधीक्षक ब्रजराज शर्मा की ड्यूटी थी। किशोरों की गायब होने की जानकारी के बाद हड़कम्प की स्थिति निर्मित हो गई।

पहले भी फरार हो चुके हैं किशोर

बाल सम्प्रेक्षण गृह में बंद किशोरों के भागने की यह कोई पहली घटना नहीं है। इसके पूर्व भी यहां से किशोर भागने में कामयाब हो चुके हैं। लगभग तीन महीने पहले यहां से तीन किशोर भाग निकले थे। जिनको बाद में पुलिस ने भिंड और ग्वालियर से बरामद किया था। इस संबंध में सीएसपी मुरैना अतुल सिंह का कहना है कि भागे हुए किशोरों की खोजबीन की जा रही है। जल्द ही उनको खोजकर वापस संप्रेक्षण गृह भेज दिया जाएगा।

Next Story