
- Home
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- मैहर
- /
- मैहर स्कूल घोटाला:...
मैहर स्कूल घोटाला: ₹4.37 करोड़ के गबन पर बड़ी कार्रवाई, 8 प्राचार्य निलंबित

- रामनगर ब्लॉक के स्कूलों में ₹4.37 करोड़ के गबन का खुलासा
- रीवा संभागायुक्त ने 7 प्राचार्यों को किया निलंबित
- जिला पंचायत सीईओ ने एक प्रभारी प्राचार्य को सस्पेंड किया
- अब तक 17 कर्मचारियों पर कार्रवाई
मध्यप्रदेश के मैहर जिले में शिक्षा विभाग से जुड़ा एक बड़ा वित्तीय घोटाला सामने आया है। रामनगर विकासखंड के सरकारी स्कूलों में लघु निर्माण कार्यों के नाम पर हुए करीब 4 करोड़ 37 लाख रुपए के गबन के मामले में प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में 7 प्राचार्यों को निलंबित किया गया है, जबकि एक प्रभारी प्राचार्य पर अलग से कार्रवाई हुई है।
रीवा संभागायुक्त और जिला पंचायत सीईओ की बड़ी कार्रवाई
रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद ने जांच प्रतिवेदन के आधार पर 7 प्राचार्यों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। सभी निलंबित अधिकारियों का मुख्यालय कलेक्ट्रेट कार्यालय, मैहर नियत किया गया है।
वहीं जिला पंचायत सीईओ शैलेंद्र सिंह ने प्रभारी प्राचार्य रजनी पुरवार को निलंबित करते हुए उन्हें बीईओ कार्यालय मैहर में अटैच किया है।
कैसे सामने आया करोड़ों का गबन
यह मामला लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा रामनगर ब्लॉक के 21 स्कूलों को दी गई निर्माण राशि से जुड़ा है। इन स्कूलों को मरम्मत, पार्किंग शेड और साइकिल स्टैंड जैसे कार्यों के लिए 22 से 25 लाख रुपए प्रति स्कूल आवंटित किए गए थे।
जांच में सामने आया कि 18 स्कूलों के प्राचार्यों और प्रभारी प्राचार्यों ने नियम विरुद्ध तरीके से राशि का आहरण कर लिया और बिना कोई कार्य कराए ही फर्मों को भुगतान कर दिया गया।
निलंबित प्राचार्यों की सूची
निलंबित किए गए प्राचार्यों और संबंधित स्कूलों की सूची इस प्रकार है:
- शासकीय हाईस्कूल गोविंदपुर – मथुरा प्रसाद वर्मा (₹23.39 लाख)
- शास. उमावि हर्रई – सियम्बर सिंह (₹22.29 लाख)
- शास. उमावि देवदहा – लक्ष्मण प्रसाद शुक्ला (₹24.94 लाख)
- शास. उमावि कंदवारी – श्रवण सिंह (₹23.59 लाख)
- शास. उमावि देवराजनगर – रामलखन रावत (₹24.10 लाख)
- शास. उमावि गोरसरी – गुलजार सिंह टेकाम (₹24.95 लाख)
- शास. उ.मा.वि. गुलवार-गुजारा – शिवलाल बैस (₹23.99 लाख)
अब तक 17 कर्मचारियों पर गिरी गाज
इस पूरे प्रकरण में अब तक 17 कर्मचारियों को निलंबित किया जा चुका है। इनमें 3 प्राचार्य, 9 प्रभारी प्राचार्य, रामनगर बीईओ और एक भृत्य शामिल हैं। सभी के खिलाफ विभागीय जांच जारी है।
प्रशासन अब शासन की राशि की वसूली के साथ-साथ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की भी तैयारी कर रहा है। जांच का दायरा बढ़ाए जाने से आने वाले दिनों में और नाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है।
FAQs
Q1. मामला किस जिले से जुड़ा है?
मैहर जिले के रामनगर विकासखंड से।
Q2. कुल कितनी राशि का गबन हुआ?
करीब ₹4 करोड़ 37 लाख।
Q3. कितने प्राचार्य निलंबित हुए?
7 प्राचार्य और 1 प्रभारी प्राचार्य।
Q4. पैसा किस काम के लिए दिया गया था?
स्कूल मरम्मत, पार्किंग शेड और साइकिल स्टैंड निर्माण।
Q5. आगे क्या कार्रवाई होगी?
राशि वसूली और आपराधिक प्रकरण दर्ज किए जाएंगे।
Rewa Riyasat News
2013 में स्थापित, RewaRiyasat.Com एक विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है जो पाठकों को तेज़, सटीक और निष्पक्ष खबरें प्रदान करता है। हमारा उद्देश्य स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक की भरोसेमंद जानकारी पहुंचाना है।




