महाराष्ट्र

शाहरुख़ की बेटी ने किसानों की अलॉट सरकारी जमीन खरीदी: सुहाना खान पर लगे जमीन सौदे में धोखाधड़ी के आरोप, मामले में हुई जांच शुरू

Rewa Riyasat News
2 Sept 2025 9:24 PM IST
शाहरुख़ की बेटी ने किसानों की अलॉट सरकारी जमीन खरीदी: सुहाना खान पर लगे जमीन सौदे में धोखाधड़ी के आरोप, मामले में हुई जांच शुरू
x
बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान की बेटी सुहाना खान ने अलीबाग में खरीदी थी कृषि भूमि, कलेक्टर की अनुमति ना लेने का आरोप, 12.91 करोड़ में हुई थी डील, पुलिस ने मांगी रिपोर्ट।

मुंबई. बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान की बेटी सुहाना खान एक जमीन सौदे को लेकर मुश्किल में फंस गई हैं। यह मामला अलीबाग के थल गांव का है, जहां सुहाना ने कथित तौर पर खेती की जमीन खरीदी है। आरोप है कि उन्होंने इस सौदे के लिए महाराष्ट्र सरकार के नियमों का पालन नहीं किया। दरअसल, यह जमीन महाराष्ट्र सरकार द्वारा किसानों को खेती के लिए दी गई थी। ऐसी जमीन खरीदने के लिए कलेक्टर की मंजूरी लेना जरूरी होता है, लेकिन आरोप है कि सुहाना ने बिना अनुमति लिए ही यह जमीन खरीद ली और जरूरी कागजी कार्रवाई भी पूरी नहीं की। इस मामले में अब जांच शुरू हो गई है।

12.91 करोड़ रुपये की डील, मुंबई पुलिस ने मांगी रिपोर्ट

सुहाना खान ने यह जमीन मुंबई के कफ परेड में रहने वाले खोटे परिवार से 12.91 करोड़ रुपये में खरीदी थी। इस सौदे के लिए उन्होंने 77.46 लाख रुपये की स्टांप ड्यूटी भी दी थी। यह ट्रांसफर 30 मई 2023 को स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक के जरिए हुआ था। अब मुंबई पुलिस के रेजिडेंट डिप्टी कमिश्नर ने इस सौदे की जांच के लिए अलीबाग के तहसीलदार से रिपोर्ट मांगी है, जिसके बाद से सुहाना की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

क्या हैं महाराष्ट्र में कृषि भूमि खरीदने के नियम?

महाराष्ट्र कृषि भूमि अधिनियम, 1961 के अनुसार, केवल वही व्यक्ति खेती की जमीन खरीद सकता है जो खुद किसान हो या जिसके परिवार के पास पहले से कृषि भूमि हो। गैर-किसान सीधे तौर पर ऐसी जमीन नहीं खरीद सकते। अगर कोई जमीन सरकार ने किसी किसान परिवार को सिर्फ खेती के लिए दी है, तो वह सीधे नहीं बेची जा सकती। इसके लिए कलेक्टर से मंजूरी लेना अनिवार्य है। जमीन खरीदने वाले और बेचने वाले, दोनों को तहसीलदार और कलेक्टर से NOC (नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) लेना पड़ता है।

किंग फिल्म में पिता के साथ आएंगी नजर

फिल्मों की बात करें तो सुहाना जल्द ही अपने पिता शाहरुख खान के साथ फिल्म 'किंग' में नजर आने वाली हैं। यह उनकी दूसरी फिल्म होगी। इससे पहले उन्होंने 'द आर्चीज' से अपना डेब्यू किया था, जिसमें कई और स्टार किड्स भी थे। हालांकि, यह फिल्म दर्शकों को खास पसंद नहीं आई थी।

शाहरुख और परिवार से जुड़े विवाद

  • 2008 में कैटरीना कैफ के बर्थडे पार्टी में शाहरुख और सलमान के बीच झगड़ा हुआ था। बाद में बाबा सिद्दीकी की इफ्तार पार्टी में दोनों ने सुलह कर ली थी।
  • 2010 में शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने शाहरुख की फिल्म 'माई नेम इज खान' के पोस्टर फाड़े थे। यह विवाद शाहरुख के पाकिस्तानी खिलाड़ियों के समर्थन में दिए गए बयान के कारण हुआ था।
  • 2012 में एक पार्टी में शाहरुख और फराह खान के पति शिरीष कुंदर के बीच झगड़ा हुआ था, जहां शाहरुख ने शिरीष पर हाथ उठाया था।
  • मई 2012 में, एमसीए ने सुरक्षाकर्मियों से बहस करने के कारण शाहरुख पर वानखेड़े स्टेडियम में 5 साल के लिए बैन लगा दिया था, जिसे 2015 में हटा लिया गया।
  • 2021 में उनके बेटे आर्यन खान को NCB ने एक क्रूज शिप पर कथित रेव पार्टी के दौरान गिरफ्तार किया था, हालांकि मई 2022 में उन्हें सभी आरोपों से क्लीन चिट मिल गई थी।
Rewa Riyasat News

Rewa Riyasat News

2013 में स्थापित, RewaRiyasat.Com एक विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है जो पाठकों को तेज़, सटीक और निष्पक्ष खबरें प्रदान करता है। हमारा उद्देश्य स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक की भरोसेमंद जानकारी पहुंचाना है।

Next Story