
- Home
- /
- लाइफस्टाइल
- /
- विश्व रिकार्ड बनाने के...
विश्व रिकार्ड बनाने के लिए रीवा की लता तैयार, लगातार 72 घंटे तक बनाएंगी खाना, गिनीज बुक ऑफ़ वर्ड रिकार्ड में नाम होगा दर्ज

रीवा। विंध्य के व्यंजनों का अपना अलग ही महत्व है। जहां तक इनका स्वाद पहुंचा है, अपनी पहचान बनाई है। अब दुनिया के सामने रीवा से एक बड़ी चुनौती पेश की जा रही है। कुकिंग का शौक रखने वालीं रीवा की बेटी लता टंडन विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में जुटी हैं। उन्होंने संकल्प लिया है कि वो लगातार 72 घंटे तक रसोईघर में रह कर खाना पकाएंगी। उन्होंने बताया कि इसके लिए सभी तैयारियां कर ली गईं हैं। उनका यह संकल्प आज मंगलवार सुबह 9 बजे से शुरू होगा और 6 सितंबर तक वे लगातार अपनी रसोई को चालू रखने के साथ खाना बनाएंगी। इसके बाद उनकी यह रिकार्डिंग लंदन की टीम के समक्ष पहुंचेगी।
65 मिनट का होगा प्रत्येक घंटा लता टंडन ने बताया कि गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड द्वारा जो मापदंड दिया गया है उसके तहत प्रत्येक घंटे के बाद 5 मिनट का उन्हें ब्रेक मिलेगा। शर्त के अनुसान वे कई घंटों तक काम करने के बाद प्रत्येक घंटे के 5 मिनट को एक साथ काउंट करके भी ले सकती हैं।
अमेरिका के नाम है रिकार्ड, लंदन में मिली प्रेरणा लता ने बताया कि उनके पति लंदन में रहते हैं और वो वहां जाती रहती हैं। इस दौरान ही उनके मन में विचार आया कि अपने देश का नाम कुकिंग के मामले में विश्व पटल पर लाया जाए। उन्होंने बताया कि 68 घंटे तक कुकिंग का रिकॉर्ड अभी एक अमेरिकन के नाम है और वे 72 घंटे तक लगातार खाना बनाकर इसे तोड़ेंगी।
लता ने बताया कि यह चुनौती वह दिल्ली-मुंबई या अन्य शहरों में भी पूरा कर सकती थी। लंदन का भी स्थान था। लेकिन जब भी इस रिकार्ड की चर्चा होगी तो उसमें रिकार्ड बनाने वाले का नाम, समय और स्थान का जिक्र आएगा। ऐसे में रीवा का नाम जुड़ा रहे, इसलिए यह स्थान चुना है। लगातार लंबे समय तक भोजन पकाने का रिकार्ड अभी तक अमेरिका के रिकी लुम्पकिन के नाम है, जिन्होंने 68 घंटे 30 मिनट और एक सेकंड तक लगातार खाना पकाया था। इसे तोडने के साथ ही नया रिकार्ड बनाने के लिए 72 घंटे का टारगेट रखा गया है।
हलवा-कढ़ी-चावल से होगी शुरुआत लता खाना बनाने की शुरुआत हलवा और कढ़ी-चावल बनाकर करंेगी। इसके बाद वे लगातार अलग-अलग व्यंजन बनाएंगी। इंदौर की टीम खाना बनाने की प्रक्रिया के घंटों की रिकॉर्डिंग करेगी।
लगातार जागना सबसे बड़ी चुनौती लता बताती हैं कि 72 घंटे तक लगातार जागते रहना ही बड़ी चुनौती है। साथ में भोजन भी पकाना है। इसके लिए डेढ़ साल से वह लगातार प्रेक्टिस कर रही हैं। शरीर की ऊर्जा बनाए रखने के लिए जिम, योगा एवं मेडिटेशन का सहारा ले रही हैं।