कटनी

एमपी कटनी स्थित बारदाना गोदाम में भड़की आग, लाखों रुपए के बोरे जलकर राख

Sanjay Patel
23 April 2023 8:46 AM GMT
एमपी कटनी स्थित बारदाना गोदाम में भड़की आग, लाखों रुपए के बोरे जलकर राख
x
MP News: मध्यप्रदेश के कटनी स्थित बारदाना गोदाम में आग भड़क उठी। कुठला थाना अंतर्गत हुई इस घटना से लाखों रुपए के बारदाना जलकर राख हो गए।

मध्यप्रदेश के कटनी स्थित बारदाना गोदाम में आग भड़क उठी। कुठला थाना अंतर्गत हुई इस घटना से लाखों रुपए के बारदाना जलकर राख हो गए। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। जिसके बाद मौके पर नगर निगम की दमकल गाड़ियां पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। गोदाम तक पहुंचने के लिए रास्ता कम होने के कारण दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

गोदाम से धुआं उठने पर हुई जानकारी

कटनी के कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत चाका ग्राम पंचायत के सामने रवि रंजन जायसवाल का बारदाना गोदाम है। बताया गया है कि आज सुबह 5 बजे उनके पिता टहलने के लिए निकले हुए थे। जिनके द्वारा गोदाम से धुआं उठता देखा गया। जिसकी जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई। जिला पुलिस ने इसकी जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम और दमकल विभाग को दी। मौके पर पहुंचे दमकल के माध्यम से आग बुझाने का प्रयास किया गया किंतु आग बुझने का नाम नहीं ले रही थी।

मौके पर पहुंचे तीन दमकल

एक दमकल द्वारा आग बुझाने के काम में लगा था लेकिन आग बढ़ती ही जा रही थी। जिसके बाद मौके पर दो और दमकल को बुलाया गया। यहां गोदाम तक पहुंचने के लिए रास्ता संकरा होने के कारण दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। जेसीबी की मदद से दीवाल को तोड़कर रास्ता बनाया गया। हादसा सुबह 5 बजे के आसपास हुआ। जिसके बाद सुबह 6 बजे से 9 बजे तक लगातार आग बुझाने का काम जारी रखा गया।

लाखों का हुआ नुकसान

गोदाम मालिक का कहना कि आगजनी की इस घटना से उनको तकरीबन 40 से 50 लाख रुपए नुकसान का हुआ है। आग लगने के बाद आसपास के लोग भी आग बुझाने में जुटे रहे। उन्होंने बताया कि गोदाम में लगभग तीन से चार लाख बारदाना रखा हुआ था। आग लगने का प्रारंभिक कारण शार्ट सर्किट को माना जा रहा है। गोदाम तक पहुंचने के लिए रास्ता कम होने के कारण आग स्थल तक पहुंचने में दमकल कर्मियों को काफी परेशानी हुई।

Next Story