
REET Mains Exam: रोडवेज बसों में फ्री सफर कर दे सकेंगे एग्जाम, रीट मेंस के एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की यह है लिंक rsmssb.rajasthan.gov.in

REET Mains Exam: राजस्थान कर्मचारी चयन आयोग ने 48 हजार पदों के लिए होने वाली रीट मेंस परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी कर्मचारी चयन आयोग की आफिशियल वेबसाइट rsmssb.rajasthan.gov.in पर जाकर इसे डाउनलोड कर सकते हैं। इस परीक्षा में शामिल होने के लिए परीक्षा केन्द्र डेढ़ घंटे पूर्व ही खोल दिए जाएंगे। परीक्षा प्रारंभ होने के एक घंटे पहले केन्द्र बंद हो जाएंगे। जिसके बाद प्रवेश नहीं मिल सकेगा। जिसको ध्यान में रखते हुए इसमें शामिल होने वाले अभ्यर्थियों से समय पर परीक्षा केन्द्र पर पहुंचने के लिए कहा गया है।
रीट मेंस एडमिट कार्ड डाउनलोड प्रोसेस
शिक्षक भर्ती परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए अभ्यर्थियों को सबसे पहले RSMSSB की आधिकारिक साइट rsmssb.rajasthan.gov.in पर जाना होगा। जहां होम पेज पर उपलब्ध RSMSSB Teacher Admit Card 2022 लिंक पर जाएं। यहां लागिन विवरण दर्ज कर सबमिट बटन पर क्लिक करें। जिसके बाद अभ्यर्थी का एडमिट कार्ड स्क्रीन पर दिखने लगेगा। जिसको अभ्यर्थी डाउनलोड कर प्रिंट आउट निकाल सकते हैं।
रीट मेंस एग्जाम डेट
राजस्थान एलिजिबिलिटी एग्जामिनेशन फार टीचर्स (रीट) मेंस भर्ती के लिए 9़ लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने अपना आवेदन किया है। कर्मचारी चयन आयोग द्वारा 48 हजार पदों के लिए शिक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। यह परीक्षाएं 25 फरवरी से 1 मार्च तक प्रदेश के 11 जिलों में आयोजित की जाएगी। राजस्थान सरकार द्वारा इस परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को राहत प्रदान करते हुए रोडवेज बसों में फ्री सफर करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यह सुविधा केवल राजस्थान रोडवेज की ब्लू लाइन बसों में ही मिल सकेगी। जिसके तहत राजस्थान सीमा में परीक्षार्थी 24 फरवरी से 2 मार्च तक अपना प्रवेश पत्र दिखाकर प्रदेश में कहीं भी मुफ्त में सफर कर सकेंगे।
रीट मेंस एग्जाम टाइम टेबल
राजस्थान कर्मचारी चयन आयोग द्वारा जारी किए गए टाइम टेबल के मुताबिक प्राथमिक विद्यालय अध्यापक (सामान्य/विशेष शिक्षा) की परीक्षा का विज्ञान और गणित का पेपर 25 फरवरी को होगा। जिसका समय सुबह 9.30 से दोपहर 12 बजे तक रहेगा। उच्च प्राथमिक विद्यालय अध्यापक (सामान्य/विशेष शिक्षा) की परीक्षा का विज्ञान और गणित का पेपर 25 फरवरी को ही होगा। इसका समय दोपहर 3 से शाम 5.30 बजे निर्धारित किया गया है। उच्च प्राथमिक विद्यालय अध्यापक (सामान्य/विशेष शिक्षा) की परीक्षा का सामाजिक विज्ञान का पेपर 26 फरवरी को होगा। जिसका समय सुबह 9.30 बजे से दोपहर 12 बजे रखा गया है। 26 फरवरी को हिन्दी का पेपर होगा जिसका समय दोपहर 3 से शाम 5.30 बजे तक रहेगा। संस्कृत का पेपर 27 फरवरी को सुबह 9.30 से 12 बजे तक होगा जबकि इसी दिन अंग्रेजी का पेपर दोपहर 3 से शाम 5.30 बजे तक होगा। उर्दू भाषा का पेपर 28 फरवरी को सुबह 9.30 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगा। इसी दिन दोपहर 3 से शाम 5.30 बजे तक पंजाबी भाषा का पेपर होगा। उच्च प्राथमिक विद्यालय अध्यापक (सामान्य/विशेष शिक्षा) का अंतिम पेपर सिंधी भाषा का होगा जो 1 मार्च को होगा। इसका समय सुबह 9.30 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित किया गया है।




