जबलपुर

एमपी के जबलपुर में युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, दौड़ा-दौड़ाकर मारी गोली

Sanjay Patel
8 Jun 2023 10:10 AM GMT
एमपी के जबलपुर में युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, दौड़ा-दौड़ाकर मारी गोली
x
MP News: मध्यप्रदेश के जबलपुर में एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। हमलावरों ने युवक को दौड़ा-दौड़ाकर गोली मारी।

मध्यप्रदेश के जबलपुर में एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। हमलावरों ने युवक को दौड़ा-दौड़ाकर गोली मारी। जान बचाने के लिए युवक इधर-उधर भागता रहा और हमलावर फायर झोंकते रहे। गनीमत की बात यह रही कि हमलावरों का निशाना चूकता गया और युवक की जान बच गई। देर रात गोली चलने से क्षेत्र में हड़कम्प की स्थिति निर्मित रही।

क्या है मामला

बताया गया है कि जवारे निकालने के दौरान नवरात्र में जबलपुर के हनुमानताल निवासी रवि तिवारी और आयुष चौधरी में धक्का मुक्की को लेकर विवाद हो गया था। इस दौरान आयुष और उसके साथी संजय चौधरी, रोहित प्रजापति व बाबुल कुचबधिया ने रवि के साथ मारपीट की थी और जान से मारने की धमकी भी दी थी। जिसकी शिकायत रवि द्वारा हनुमानताल पुलिस में की गई थी। जिस पर पुलिस ने आयुष व उसके साथियों को गिरफ्तार कर लिया था। जिसका बदला लेने के लिए आरोपियों ने रवि पर फायरिंग कर दी। बुधवार की रात पांच बाइक पर सवार होकर 10 लड़के रवि के घर पहुंचे। वह बाहर टहल रहा था। बाइक से उतरते ही एक आरोपी ने गोली चलाना प्रारंभ कर दिया। युवक जान बचाने इधर-उधर भागता रहा। हमलावर ने कई राउंड फायर किए। किंतु उसके निशाने चूक गए और युवक बच गया।

फायरिंग से मचा हड़कम्प

मामले पर रवि तिवारी के भाई रूपेश तिवारी का कहना है कि हमलावर अवैध शराब कारोबार में लिप्त हैं। जिनके द्वारा रात भर कॉलोनियों में तेज रफ्तार से बाइक दौड़ाया जाता है। इनके द्वारा फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया। यह समूची घटना सीसीटीवी में भी कैद हो गई है जिसमें हमलावर साफ दिख रहे हैं। गोलियों की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकल आए। देर रात गोली चलने की इस घटना से हड़कम्प की स्थिति निर्मित हो गई।

इनका कहना है

इस संबंध में हनुमानताल थाना प्रभारी उमेश गुलानी का कहना है कि हनुमानताल के करिया पाथर में एक युवक पर कई राउंड फायर किए गए। गनीमत की बात रही कि युवक की जान बच गई है। जब तक पुलिस स्टाफ मौके पर पहुंचा आरोपी फरार हो चुके थे। युवक रवि तिवारी की शिकायत पर चार नामजद आरोपियों सहित कुल 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपी जल्द ही पुलिस गिरफ्त में होंगे।

Next Story