इंदौर

एमपी के इंदौर में 2 लाख के लावारिस तोते को लेकर मचा हंगामा, ले गई वन विभाग की टीम

Sanjay Patel
20 Dec 2022 8:21 AM GMT
एमपी के इंदौर में 2 लाख के लावारिस तोते को लेकर मचा हंगामा, ले गई वन विभाग की टीम
x
इंदौर के हीरानगर की गलियों में उस समय हंगामा मच गया जब एक विदेशी प्रजाति का तोता लोगों को दिखाई पड़ा। यह तोता उड़कर आया और एक मकान की छत पर आराम से बैठ गया।

इंदौर के हीरानगर की गलियों में उस समय हंगामा मच गया जब एक विदेशी प्रजाति का तोता लोगों को दिखाई पड़ा। यह तोता उड़कर आया और एक मकान की छत पर आराम से बैठ गया। लोगों की इस पर नजर पड़ते ही इसकी चर्चा मोहल्ले में आग की तरह फैल गई। जिसे देखने के लोगों का मजमा लग गया। लोग अपनी छतों पर चढ़कर इस तोते को देखने के लिए व्याकुल हो गए।

सामान्य तोते से चार गुना था बड़ा

बताया गया है कि एक रंग बिरंगा तोता जिसका रंग पीला व पंख नीले थे इसके साथ ही चोंच काली थी। यह तोता उड़ते हुए आया और हीरानगर क्षेत्र के बजरंग नगर में देवेन्द्र लालावत के घर की छत पर जाकर बैठ गया। सामान्य तोतों से चार गुना ज्यादा बड़ा दिखने वाले इस तोते पर जब लोगों की नजर पड़ी तो आकर्षण का केन्द्र बन गया। वह उड़कर कभी इस छत पर बैठता तो कभी उस छत पर। जिसे देखने के लिए लोग भी अपनी-अपनी छतों पर चढ़ गए।

निर्मित हो गई विवाद की स्थिति

इस रंग-बिरंगे तोते को देवेन्द्र लालावत ने पकड़ लिया और अपने घर ले गए। यह देख कॉलोनी और आसपास के इलाकों में हंगामे की स्थिति निर्मित हो गई। लोग इस बात पर विवाद करते भी नजर आए कि यह तोता उसका नहीं हमारा है। जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस एवं वन विभाग को दी गई। जिस पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जहां लोगों को समझाइश दी तो वहीं वन विभाग की टीम तोते को अपने साथ जू ले गई।

मकाउ प्रजाति का है तोता

जिस तोते के लिए विवाद की स्थिति निर्मित हुई वह मकाउ प्रजाति का बताया गया है। सूत्रों की मानें तो विदेशी नस्ल के इस प्रजाति के तोते की कीमत डेढ़ लाख रुपए से दस लाख रुपए तक होती है। इस दौरान यह भी अफवाह लोगों द्वारा फैला दी गई कि तोते के गले में चमकीला लॉकेट और पैर में गोल रिंग भी है। किन्तु जब पुलिस द्वारा देवेन्द्र से तोता लिया गया उस दौरान उसके गले में लॉकेट तो नहीं नजर आई उसके पैर में रिंग जरूर देखने को मिली।

Next Story