इंदौर

Indore Global Investors Summit: एमपी के लिए पीएम मोदी ने दिया नया स्लोगनः मध्यप्रदेश अजब भी है, गजब भी है और सजग भी है

Sanjay Patel
12 Jan 2023 8:34 AM GMT
Indore Global Investors Summit: एमपी के लिए पीएम मोदी ने दिया नया स्लोगनः मध्यप्रदेश अजब भी है, गजब भी है और सजग भी है
x
एमपी के इंदौर में बुधवार को दो दिनी ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट का शुभारंभ हुआ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअली समिट का उद्घाटन किया। इस दौरान पीएम मोदी ने मध्यप्रदेश के लिए नया स्लोगन दिया।

Global Investors Summit: एमपी के इंदौर में बुधवार को दो दिनी ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट का शुभारंभ हुआ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअली समिट का उद्घाटन किया। इस दौरान पीएम मोदी ने मध्यप्रदेश के लिए नया स्लोगन दिया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में मध्यप्रदेश की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। मध्यप्रदेश आस्था और अध्यात्म से लेकर पर्यटन, स्किल डेवलपमेंट और एजुकेशन में अजब भी है, गजब भी है और सजग भी है।

भारत जी-20 ग्रुप में बढ़ती हुई इकॉनोमी वाला देश

ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट के उद्घाटन के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि यह समिट तब हो रही है जब भारत की आजादी का अमृत काल शुरू हो चुका है। हम सभी मिलकर विकसित भारत के निर्माण के लिए जुटे हैं। जब हम विकसित भारत की बात करते हैं तो यह हमारा सिर्फ एस्पिरेशन नहीं बल्कि हर भारतीय का संकल्प है। उन्होंने कहा कि भारत विश्व के कई देशों से बहुत अच्छी स्थिति में है। भारत इस साल जी-20 ग्रुप में भी बढ़ती हुई इकॉनोमी वाला देश है। एक ताजा सर्वे में बताया गया कि विश्व के ज्यादात इनवेस्टर्स भारत को पसंद कर रहे हैं। भारत इज ऑफ लिविंग एंड इज ऑफ बिजनेस पर काम कर रहा है। एक निर्णायक सरकार सही नीयत से चलने वाली सरकार विकास को गति देकर दिखाती है।

मध्यप्रदेश उभरता हुआ हीरा है

इन्वेस्टर्स समिट को वर्चुअली रूप से केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश भी हमारा एक उभरता हुआ हीरा है और मेरा विश्वास है, अटूट विश्वास है मध्यप्रदेश आगे चलकर देश की अर्थव्यवस्था को गति भी देगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के लिए यह सही समय है; इनवेस्टर्स के लिए यह अच्छा समय है। मध्यप्रदेश तेजी से ग्रोथ कर रहा है। नए-नए अवसरों के साथ उद्योग जगत को भी आमंत्रित करेगा।

सीएम ने कहा एमपी शांति का टापू

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि एक जमाना था जब मध्यप्रदेश में अशांति थी। जब भाजपा ने सरकार बनाई तो मैंने कह दिया कि प्रदेश में या तो डाकू रहेंगे या शिवराज रहेगा। सभी डाकुओं का सफाया कर दिया गया। उसके बाद से डाकू पनप ही नहीं पाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश शांति का टापू है। यह ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट सचमुच ग्लोबल है जिसमें दस देशों ने भाग लिया। दुनिया के 33 देशों के प्रतिनिधि हैं। 84 देशों के डेलीगेट आए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां आपके बीच भी वन-टू-वन होगा। मध्यप्रदेश को 550 बिलियन डॉलर की इकॉनोमी बनाएं 2 लाख हेक्टेयर जमीन का लैंड बैंक है हमारे पास। इनवेस्टर्स नक्शे पर उंगली रखकर कह दें कि यह जमीन हमें चाहिए हम दे देंगे।

Next Story