इंदौर

इंदौर में अनाज से देवी अहिल्या व स्क्रैप से राष्ट्रपति का चित्र बनाने वाली संस्था शीकुंज दिल्ली में हुई सम्मानित

Sanjay Patel
10 Feb 2023 7:48 AM GMT
इंदौर में अनाज से देवी अहिल्या व स्क्रैप से राष्ट्रपति का चित्र बनाने वाली संस्था शीकुंज दिल्ली में हुई सम्मानित
x
MP News: एमपी इंदौर की शीकुंज संस्था को दिल्ली में सम्मानित किया गया है। यह संस्था महिला सशक्तिकरण के लिए काम करती है। दिल्ली के विज्ञान भवन में शीकुंज के संस्थापक राहुल भार्गव को अवार्ड से नवाजा गया।

एमपी इंदौर की शीकुंज संस्था को दिल्ली में सम्मानित किया गया है। यह संस्था महिला सशक्तिकरण के लिए काम करती है। दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित प्रोग्राम में शीकुंज के संस्थापक राहुल भार्गव को अवार्ड से नवाजा गया। इस दौरान उन्हें ट्राॅफी व सर्टिफिकेट प्रदान किया गया। संस्था सदस्यों द्वारा किए गए कार्यों को लेकर यह अवार्ड प्रदान किया गया। संस्था द्वारा महिलाओं को फ्री एजुकेशन के साथ ही उनके रोजगार की भी व्यवस्था की जाती है। इंदौर सहित देश के आठ राज्यों में शीकुंज महिला सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रही है।

2020 में संस्था की हुई थी शुरुआत

वर्ष 2020 में शीकुंज संस्था की शुरुआत हुई थी। संस्था के संस्थापक राहुल भार्गव के अनुसार तीन साल में उनकी संस्था द्वारा 31 हजार से ज्यादा महिलाओं को सर्टिफाइड किया गया। उन्होंने दावा किया कि पूरे भारत में यह ऐसी संस्था है जो महिला सशक्तिकरण के लिए किसी भी तरह का शुल्क नहीं लेती बावजूद इसके प्राफिट माडल है। वह न तो सरकार से पैसा लेते हैं और महिलाओं से किसी तरह की राशि। जिसके कारण अवार्ड के लिए उनका चयन किया गया।

अनाज से तैयार किया देवी अहिल्याबाई का पोट्र्रेट

संस्था इंदौर में बड़े-बड़े पोट्र्रेट बनाने में भी आगे है। संस्था के सदस्यों व कलाकारों द्वारा इंदौर में ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का स्क्रैप से एक बड़ा पोट्र्रेट बनाया था। 4 हजार स्क्वेयर फिट में 5 हजार किलो लकड़ी के स्क्रैप से यह तस्वीर बनाई गई। यह कमाल संस्था शीकुंज ने साहिल लहरी के माध्यम से किया। वहीं 42 क्विंटल अलग-अलग अनाज से देवी अहिल्या बाई का पोट्र्रेट भी तैयार किया गया। पांच दिनों के भीतर 4 हजार स्क्वेयर फीट में 50 लोगों द्वारा इस पोट्र्रेट को तैयार किया गया। अनाज में 15 क्विंटल गेहूं, 10 क्विंटल चावल, 50 किलो सोयाबीन, 4 क्विंटल चना, 1 क्विंटल मूंगफली, 40 किलो पीली सरसों का प्रयोग किया गया।

महिलाओं-युवतियों को प्रदान की ट्रेनिंग

बताया गया है कि शीकुंज संस्था एजुकेशन, विकास कौशल और रोजगार के अवसर देने के लिए महिलाओं और युवतियों के लिए काम कर रहा है। संस्था द्वारा 78 हजार से अधिक महिलाओं और युवतियों को नौकरी उन्मुख कौशल पर ट्रेनिंग प्रदान की। जिसमें से 3880 से ज्यादा लड़कियां पूरे भारत में इंटर्नशिप और नौकरी कर रही हैं। संस्था द्वारा तीन महिला स्टार्टअप को फंड भी प्रदान किया गया। इसके साथ ही 81 से ज्यादा करियर काउंसिलिंग, सेल्फ डिफेंस प्रोग्राम, ब्रेस्ट कैंसर सहित स्वास्थ्य जागरुकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

Next Story