ग्वालियर

एमपी के ग्वालियर का मामलाः पूर्व मंत्री के स्वागत के दौरान आपस में ही भिड़ गए कांग्रेसी नेता!

Sanjay Patel
5 July 2023 10:39 AM GMT
एमपी के ग्वालियर का मामलाः पूर्व मंत्री के स्वागत के दौरान आपस में ही भिड़ गए कांग्रेसी नेता!
x
MP News: मध्यप्रदेश के ग्वालियर में कांग्रेसी नेता आपस में ही भिड़ गए। विधानसभा चुनाव से पहले ही कांग्रेस की गुटबाजी एक बार फिर सड़कों में आ गई।

मध्यप्रदेश के ग्वालियर में कांग्रेसी नेता आपस में ही भिड़ गए। विधानसभा चुनाव से पहले ही कांग्रेस की गुटबाजी एक बार फिर सड़कों में आ गई। पूर्व मंत्रियों के सामने युवा नेता और उनके समर्थकों के बीच जमकर गाली-गलौज व मारपीट हुई। इस दौरान कई गाड़ियों को भी तोड़ दिया गया। किसी तरह मामले को शांत कराया गया। जानकारी के बाद मौके पर पुलिस भी पहुंची।

दो गुटों में हुआ विवाद

पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह एक दिवसीय दौरे पर एमपी के ग्वालियर पहुंचे। जहां रेलवे स्टेशन पर भारी संख्या में कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता उनके स्वागत के लिए पहुंचे। स्वागत के दौरान कार्यकर्ताओं में अपना वर्चस्व दिखाने की होड़ मच गई। इसी दौरान दो गुटों में विवाद हो गया। पूर्व मंत्री के सामने ही रेलवे स्टेशन में दोनों गुटों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। सूत्रों के मुताबिक यह विवाद पूर्व मंत्री लाखन सिंह के भतीजे युवा नेता संजय सिंह यादव के समर्थक और दूसरे युवा नेता माटु यादव के समर्थकों के बीच हुआ। इस दौरान दोनों गुटों के नेता अपने-अपने समर्थकों के साथ रेलवे स्टेशन से चले गए।

निजी होटल में चले लाठी-डंडे

पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ग्वालियर में एक निजी होटल में ठहरे थे। जहां बाद में यह दोनों भी पहुंचे। यहां पर दोनों गुटों में विवाद इतना बढ़ गया कि कांग्रेस पार्षद माटु यादव के समर्थकों ने होटल के बाहर गाली गलौज करते हुए लाठी-डंडे और हॉकी लहराना प्रारंभ कर दिया। कांग्रेस नेता संजय यादव का वाहन होटल के बाहर खड़ा था जिस पर भी तोड़फोड़ की गई। संजय यादव मुरैना जिले की जौरा विधानसभा से टिकट के लिए अपनी दावेदारी कर रहे हैं। जो कांग्रेस विधायक लाखन सिंह के भतीजे हैं। सूचना के बाद पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह, लाखन सिंह यादव और प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक सिंह यादव मौके पर पहुंचे और किसी तरह माहौल को शांत कराया।

मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। फिलहाल दोनों ही पक्षों की ओर से किसी तरह की कोई शिकायत पुलिस में दर्ज नहीं करवाई गई है। इस संबंध में पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह के मुताबिक स्वागत के दौरान धक्का-मुक्की हुई थी। उसके बाद बार-बार उन्हें समझाया गया। किंतु समझाइश देने के बावजूद भी वह नहीं माने। उनका कहना था कि यह पूरी तरह से गलत है, ऐसा नहीं होना चाहिए।

Next Story