ग्वालियर

डकैत गुड्डा गुर्जर गिरफ्तार: 21 सालों से चंबल में मचा रखा था आतंक, 60 हज़ार का इनाम था

Sanjay Patel
10 Nov 2022 7:41 AM GMT
डकैत गुड्डा गुर्जर गिरफ्तार: 21 सालों से चंबल में मचा रखा था आतंक, 60 हज़ार का इनाम था
x
Gudda Gurjar Giraftar: पिछले 21 सालों से ग्वालियर चंबल में आतंक का पर्याय रहे डकैत गुड्डा गुर्जर को गिरफ्तार करने में आखिकार पुलिस को सफलता मिल ही गई। 40 मिनट तक चली मुठभेड़ में पुलिस की एक गोली डकैत गुड्डा के पैर में जा लगी जिसके बाद वह भागने में अक्षम हो गया और पुलिस ने उसे दबोच लिया। डकैत गुड्डा पर 60 हजार का इनाम घोषित था।

Dacoit Gudda Gurjar: पिछले 21 सालों से ग्वालियर चंबल में आतंक का पर्याय रहे डकैत गुड्डा गुर्जर को गिरफ्तार करने में आखिकार पुलिस को सफलता मिल ही गई। पुलिस टीम से बुधवार रात तकरीबन साढ़े 7 बजे सामना होने पर दोनों ओर से ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई गईं। 40 मिनट तक चली मुठभेड़ में पुलिस की एक गोली डकैत गुड्डा के पैर में जा लगी जिसके बाद वह भागने में अक्षम हो गया और पुलिस ने उसे दबोच लिया। डकैत गुड्डा पर 60 हजार का इनाम घोषित था। मुख्यमंत्री की फटकार के बाद चंबल के आला अधिकारी पुलिस बल के साथ डकैत गुड्डा की घेराबंदी करने में जुट गए थे।

90 राउंड हुई फायरिंग

साइबर सेल द्वारा डकैत गुड्डा की लोकेशन मिलने के बाद ग्वालियर पुलिस सक्रिय हुई। ग्वालियर पुलिस की टीम एके-47 जैसे आधुनिक हथियारों से लैस थी। बसोटा के जंगल में स्थित पहाड़ी की ओट लेकर गुड्डा सहित उसकी गैंग फायरिंग कर रही थी। बताया गया है कि पुलिस की टीम इस दौरान महज 300 मीटर दूर थी। पुलिस फायरिंग से बचने के लिए गुड्डा तलहटी की आड़ लेकर गोलियां बरसा रहा था। जवाबी कार्रवाई के दौरान पुलिस की एक गोली डकैत गुड्डा के पैर में जा धंसी जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। इस दौरान पुलिस द्वारा 40 मिनट में 90 राउंड फायर किए गए।

डकैत गुड्डा के पास से क्या हुआ बरामद

पुलिस सूत्रों के अनुसार इनामी डकैत गुड्डा गुर्जर के पास से 315 बोर की रायफल और 40 कारतूस का पूरा बेल्ट बरामद हुआ है। बताया गया है कि जो राउंड गुड्डा की ओर से फायर किए गए थे उसमें कुछ राउंड अलग हैं। जिनकी जांच पड़ताल पुलिस द्वारा की जा रही है। डकैत गुड्डा पर हत्या, अपहरण, फिरौती, लूट जैसे संगीन अपराध दर्ज हैं। पिछले 21 सालों से उसने ग्वालियर चंबल में आतंक मचा रखा था।

प्लानिंग के तहत पकड़ा गया डकैत गुड्डा

डकैत गुड्डा की धरपकड़ की योजना बनाने के लिए मंगलवार को चंबल एडीजी राजेश चावला पहाड़गढ़ में पुलिस अधिकारियों के साथ मीटिंग की। बैठक में पहाड़गढ़ के थाने में मुरैना एसपी आशुतोष बागरी, श्योपुर एसपी आलोक कुमार सिंह शामिल थे। इसी दौरान यह जानकारी मिली कि डकैत गुड्डा पहाड़गढ़ की सीमा से निकलकर ग्वालियर जिले के घाटीगांव-बसोटा के जंगलों में पहुंच गया है। इसके बाद डकैत गुड्डा के एक साथी की मोबाइल लोकेशन स्पष्ट होने के बाद एडीजीपी ने ग्वालियर एडीजीपी को सूचना दी। जिसके बाद ग्वालियर पुलिस ने बिना समय गंवाए कार्रवाई को अंजाम दिया।

Next Story