एंटरटेनमेंट

मशहूर गजल गायक पंकज उधास का निधन: 72 साल की उम्र में ली अंतिम सांस, पैंक्रियाज कैंसर से जूझ रहें थे; 2006 में पद्मश्री मिला था

Pankaj Udhas Passes Away
x

Pankaj Udhas Passes Away

Pankaj Udhas Passes Away: प्रसिद्ध गजल गायक पंकज उधास का 26 फरवरी 2024 को 72 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनकी बेटी नायाब ने सोशल मीडिया पर उनके निधन की जानकारी दी।

Pankaj Udhas Passes Away: प्रसिद्ध गजल गायक पंकज उधास का आज 72 साल की उम्र में निधन हो गया है। उनकी बेटी नायाब ने सोशल मीडिया पर उनके निधन की जानकारी दी। गजल गायक जाजिम शर्मा ने बताया कि वे पैंक्रियाज कैंसर से जूझ रहे थे।

सांस लेने में तकलीफ होने पर उन्हें 10 दिन पहले मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। जहां सोमवार सुबह 11 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। पंकज के परिवार में उनकी पत्नी फरीदा और दो बेटियां नायाब और रेवा हैं।

पंकज उधास का पार्थिव शरीर फिलहाल अस्पताल में ही रखा गया है। उनके भाइयों और परिवार के दूसरे लोगों के पहुंचने पर पार्थिव शरीर घर ले जाया जाएगा। उनका अंतिम संस्कार मंगलवार को किया जाएगा।

गुजरात के जमींदार परिवार में जन्मे थे

पंकज उधास का जन्म 17 मई 1951 को गुजरात के जेतपुर में हुआ था। उनका परिवार राजकोट के पास चरखाड़ी कस्बे का रहने वाला था। उनके दादा जमींदार और भावनगर के दीवान थे। उनके पिता केशुभाई सरकारी कर्मचारी थे। पिता को इसराज (एक वाद्य यंत्र) बजाने और मां जीतूबेन को गाने का शौक था। इसके चलते पंकज उधास समेत उनके दोनों भाइयों का रुझान संगीत की तरफ हुआ। 2006 में गजल गायक पंकज उदास को पद्मश्री अवार्ड से सम्मानित किया गया था।

मुस्लिम लड़की से लव मैरिज की

पंकज उधास ने 11 फरवरी 1982 को फरीदा से शादी की थी। उस वक्त वे ग्रेजुएशन कर रहे थे और फरीदा एयर होस्टेस थीं। एक कॉमन फ्रेंड की शादी में दोनों की मुलाकात हुई थी। पंकज को पहली नजर में ही फरीदा पसंद आ गई थीं। पहले दोनों में दोस्ती हुई, फिर प्यार। पंकज का परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार था, लेकिन फरीदा के परिवार को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। वे दूसरे धर्म में लड़की की शादी नहीं कराना चाहते थे। फरीदा के कहने पर पंकज उनके घर गए और उनके पिता से अपने रिश्ते की बात की। फरीदा के पिता रिटायर्ड पुलिस ऑफिसर थे, इस वजह से पंकज बहुत डरे हुए थे, लेकिन उन्होंने अपनी बातों से उनका दिल जीत लिया। फरीदा के पिता दोनों की शादी के लिए मान गए। शादी के बाद फरीदा ने अपना करियर छोड़ दिया और पंकज के परिवार की देखभाल करने लगीं। पंकज और फरीदा की दो बेटियां हैं, नायाब और रेवा।

पंकज उधास के निधन से संगीत जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई हस्तियों ने उनके निधन पर शोक जताया है।

Neelam Dwivedi | रीवा रियासत

Neelam Dwivedi | रीवा रियासत

नीलम द्विवेदी जर्नलिज़्म से स्नात्कोत्तर हैं। 2016 से रीवा रियासत डॉट कॉम में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। इन्हें देश-दुनिया, राजनीति के अलावा स्पोर्ट्स, हेल्थ, होम डेकोर, रिलेशनशिप, लाइफस्टाइल और एंटर्टेंमेंट जैसे टॉपिक्स पर लिखने का अनुभव है। इसके अलावा खाली समय में नेचर को एक्सप्लोर करना पसंद करती हैं। साथ ही म्यूजिक, थिएटर और किताबों में भी इनकी बहुत रुचि है।

    Next Story