क्राइम

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड: सलमान खान के घर की रेकी करने वाले संपत नेहरा ने रची थी मर्डर की साजिश... लॉरेंस बिश्नोई-आनंदपाल का इस हत्याकांड से क्या कनेक्शन है?

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड: सलमान खान के घर की रेकी करने वाले संपत नेहरा ने रची थी मर्डर की साजिश... लॉरेंस बिश्नोई-आनंदपाल का इस हत्याकांड से क्या कनेक्शन है?
x

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के हत्या की साजिश लॉरेंस बिश्नोई के राइट हैंड संपत नेहरा ने बठिंडा जेल में रची थी।

श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी मर्डर केस के मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है। गोगामेड़ी के हत्या की साजिश लॉरेंस बिश्नोई के राइट हैंड संपत नेहरा ने बठिंडा जेल में रची थी।

राजस्थान की राजधानी जयपुर में राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की घर में घुसकर हत्या कर दी गई थी। गोगामेड़ी को गोलियां मारी गई थी। इस हत्याकांड में लॉरेंस बिश्नोई के राइट हैंड संपत नेहरा का नाम सामने आ रहा है। संपत नेहरा ने ही गोगामेड़ी की हत्या की साजिश रची थी।

अब सवाल यह उठ रहा है कि सुखदेव सिंह गोगामेड़ी और लॉरेंस गैंग की दुश्मनी क्या थी? संपत नेहरा ने गोगामेड़ी की हत्या की साजिश क्यों रची? और इस हत्याकांड की ज़िम्मेदारी रोहित गोदारा, गोल्डी बराड़ ने क्यों ली? साथ ही इन सबमें राजस्थान के गैगस्टर आनंदपाल का नाम क्यों आ रहा है? इन सब बातों का जबाव जानने के लिए हम आपको 6 साल पहले ले चलते हैं...

6 साल पहले लिखी गई थी सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के हत्या की स्क्रिप्ट

दरअसल, राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या कोई अचानक से की गई हत्या नहीं है। इस हत्याकांड की स्क्रिप्ट करीबन 6 वर्ष पहले ही लिख दी गई थी। यह तब की बात है जब राजस्थान के कुख्यात गैंगस्टर आनंदपाल सिंह को पुलिस एनकाउंटर में मार गिराया गया था।

आनंदपाल सिंह और लॉरेंस बिश्नोई के बीच पुरानी दुश्मनी थी। जबकि सुखदेव सिंह और आनंदपाल सिंह गहरे दोस्त थे। फिर बीच में ऐसी कई घटनाएं होती रहीं, जिंहोने आनंदपाल की मौत के बाद भी दुश्मनी के इस लकीर को और भी गहरा कर दिया और आखिरकार वो हुआ जिसकी आशंका सुखदेव सिंह गोगामेड़ी लगातार जता रहें थे। गोगामेड़ी को उनके जयपुर स्थित घर में गोलियों से भून दिया गया। इस वारदात को अंजाम दिनदहाड़े दिया गया है।

लॉरेंस बिश्नोई और सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की दुश्मनी क्या है?

6 साल पहले पुलिस एनकाउंटर में मारा गया कुख्यात गैंगस्टर आनंदपाल सिंह राजपूत था और सुखदेव सिंह राजपूतों का नेता। 24 जून 2017 को आनंदपाल की मौत के बाद सुखदेव सिंह आनंदपाल की लाश के साथ 15 दिनों तक धरने में बैठे रहें। उस वक़्त यह मुद्दा काफी गरमाता गया। स्टेट से मामला पूरे देश तक पहुंचा और देखते ही देखते सुखदेव सिंह का नाम पहली बार राजस्थान से बाहर देश भर में सुर्खियों में आने लगा।

सुखदेव हमेशा आनंदपाल की वकालत करते थे। जबकि आनंदपाल लॉरेंस बिश्नोई का दुश्मन था। आनंदपाल और लॉरेंस बिश्नोई के बीच 36 का आंकड़ा हुआ करता था। इसलिए जाने-अनजाने में सुखदेव सिंह गोगामेड़ी भी लॉरेंस गैंग के निशाने में आते रहें, लेकिन सुखदेव को इस बात की भनक तक न लगी। वे तो अपनी दोस्ती और समजातीय होने के चलते आनंदपाल का समर्थन कर रहें थे। पर तब तक सुखदेव पर खतरा इतना बड़ा नहीं था।

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी उस समय राजपूतों के संगठन राष्ट्रीय करणी सेना के नेता और सदस्य थे। लेकिन फिर संगठन में उमड़े अंतर्विवाद के चलते सुखदेव करणी सेना से अलग हो गए। तब तक सुखदेव की एक अलग पहचान बन चुकी थी। वे राजपूतों के नेता के रूप में विख्यात हो चुके थे। इसे भांपते हुए सुखदेव सिंह ने 2017 में ही अपना एक अलग संगठन खड़ा कर दिया और उसका नाम श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना रखा। इसके अध्यक्ष भी गोगामेड़ी ही थे।

लेकिन राजपूतों की राजनीति के अलावा सुखदेव सिंह गोगामेड़ी प्रॉपर्टी डीलिंग का काम भी करते थे। इस काम में उनके कई दुश्मन बन चुके थे। उधर, आनंदपाल की मौत के बाद राजू ठेहट नाम के एक गैंगस्टर के साथ भी सुखदेव की करीबी बढ़ती रही। इत्तेफाक से राजू ठेहट की भी लॉरेंस गैंग से दुश्मनी थी। ठेहट लॉरेंस बिश्नोई के निशाने पर था। 3 दिसंबर 2022 को राजू ठेहट की भी उसी के घर में ठीक उसी अंदाज में हत्या की गई। उसकी ज़िम्मेदारी भी सुखदेव सिंह की ही तरह रोहित गोदारा ने ली थी।

गैंगस्टर रोहित गोदारा ने ली हत्या की ज़िम्मेदारी

गैंगस्टर रोहित गोदारा ने पोस्ट किया। गोदारा ने लिखा, "सभी भाइयों को राम राम. मैं रोहित गोदारा कपूरीसर, गोल्डी बराड़, आज यह जो हत्या हुई है इसका पूरी जिम्मेदारी हम लेते हैं. ये हत्या हमने करवाई है. भाइयों में आपको बताना चाहता हूं कि ये हमारे दुश्मनों से मिलकर उनका सहयोग कर रहा था. उनको मजबूत करने का काम कर रहा था. रही बात हमारे दुश्मनों की तो वह अपने घर की चौखट पर अपनी अर्थी तैयार रखे, उनसे भी जल्द मुलाकात होगी."

पहले कत्ल करने वाला वारदात को अंजाम देने के बाद खुद की पहचान छुपाता था। खुद भी छिपे फिरता था। लेकिन अब जमाना बदल गया है। अब कातिल कत्ल पहले करता है फिर सीना तानकर कत्ल की ज़िम्मेदारी लेता है। सिद्धू मूसेवाला से लेकर सुखदेव सिंह गोगामेड़ी तक बेशक मारने वालों के नाम अलग अलग होते हों, ज़िम्मेदारी कोई लेता हो। लेकिन होते सब एक ही गैंग से जुड़े हैं। पर खास बात यह है कि इन कत्लों को अंजाम देने से पहले बकायदे धमकियां दी गई और अंजाम देने के बाद सीना ठोंककर आरोप कबूला गया। इन कारनामों को अंजाम एक ही गैंग के गुर्गे देते हैं और ज़िम्मेदारी अपने ऊपर लेते हैं। जिस गैंग के लिए ये सभी काम करते हैं उसका आका 9 सालों से जेल के सलाखों के पीछे है और इस वक्त देश का सबसे बड़ा गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई है।

ऐसे ही वारदात को अंजाम सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के साथ दिया गया है। गोगामेड़ी पर ट्रिगर दबाने वाला शूटर भले ही कोई और हो लेकिन हत्या का हुक्म देने वाला इस बार भी लॉरेंस गैंग का ही गुर्गा है। इस गुर्गे का नाम है रोहित गोदारा। इस पर एक लाख का इनाम है। 2022 में फर्जी पासपोर्ट पर देश के बाहर निकल पाने में सफल रहा।

कहानी सिर्फ इसी पर नहीं टिकती। माना जा रहा है इसे सुपारी संपत नेहरा ने दी थी। संपत नेहरा पर पुलिस को शक है। संपत लॉरेंस बिश्नोई का राइट हैंड माना जाता है और फिलहाल बठिंडा जेल में बंद है। पुलिस को शक है कि गोगामेड़ी के हत्या की साजिश बठिंडा जेल में ही रची गई थी और इसे रचने वाला संपत नेहरा ही है। सूत्रों के मुताबिक, नेहरा ने 10 माह पहले ही गोगामेड़ी के हत्या की स्क्रिप्ट लिख दी थी और अंजाम मंगलवार 5 दिसंबर की दोपहर को दिया।

संपत नेहरा ने कुछ सालों पहले गोगामेड़ी की रेकी कारवाई थी। इसकी वजह से इस हत्याकांड में राजस्थान पुलिस का शक संपत को लेकर गहरा गया है। राजस्थान पुलिस उसे प्रॉडक्शन वारंट पर लाने कि तैयारी में है। इसके पहले हथियार तस्करी के मामले में पंजाब पुलिस संपत नेहरा को प्रॉडक्शन वारंट पर लेकर आई थी। उससे पूछताछ कि गई तो नेहरा के गोगामेड़ी हत्याकांड की प्लानिंग में शामिल होने का खुलासा हुआ। इसके बाद पंजाब पुलिस ने राजस्थान पुलिस को बताया कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग के संपत नेहरा जेल के बाहर अपने शूटरों को टास्क दे चुका था और इसके लिए आधुनिक हथियार भी मुहैया कराए गए थे।

बॉलीवुड एक्टर सलमान खान को मारने की ज़िम्मेदारी ली थी

संपत नेहरा के खिलाफ पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, मुंबई, चंडीगढ़ समेत कई राज्यों में हथियार तस्करी, टारगेट किलिंग, हत्या की कोशिश समेत कई मामले दर्ज हैं। पंजाब पुलिस के इनपुट के बाद ही एनआईए ने भी नेहरा को रिमांड में लिया था। संपत वही गैंगस्टर है जिसने बॉलीवुड एक्टर सलमान खान को मारने की ज़िम्मेदारी ली थी, वह सलमान खान के मुंबई स्थित घर में रेकी भी कर चुका था। घटना को अंजाम देने ही वाला था कि उसके पास मौजूद पिस्टल ने उसे धोखा दे दिया, पिस्टल ज्यादा रेंज की नहीं थी। इस वजह से वह सलमान खान को मार नहीं सका था।

इधर, पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड में शामिल दो हमलावरों को पकड़ लिया गया है। हत्या के आरोपियों की पहचान नितिन फौजी और रोहित राठोड के रूप में हुई है। नितिन फौजी हरियाणा के महेंद्रगढ़ का है जबकि रोहित राठौड़ मकराना का निवासी है। हालांकि दोनों के गिरफ्तारी की पुष्टि अब तक आधिकारिक तौर पर नहीं हुई है।

Aaryan Puneet Dwivedi | रीवा रियासत

Aaryan Puneet Dwivedi | रीवा रियासत

Next Story