छतरपुर

एमपी के छतरपुर में दलित दूल्हे को घोड़ी पर सवार देख भड़क गए दबंग, बारात पर किया पथराव

Sanjay Patel
6 Jun 2023 9:58 AM GMT
एमपी के छतरपुर में दलित दूल्हे को घोड़ी पर सवार देख भड़क गए दबंग, बारात पर किया पथराव
x
MP News: मध्यप्रदेश के छतरपुर में बारात पर पत्थर बरसाए जाने का मामला प्रकाश में आया है। यहां दलित दूल्हे को घोड़ी पर सवार देख गांव के दबंग भड़क उठे जिसके बाद उन्होंने पथराव प्रारंभ कर दिया।

मध्यप्रदेश के छतरपुर में बारात पर पत्थर बरसाए जाने का मामला प्रकाश में आया है। यहां दलित दूल्हे को घोड़ी पर सवार देख गांव के दबंग भड़क उठे जिसके बाद उन्होंने पथराव प्रारंभ कर दिया। रास में 40 से 50 बाराती शामिल थे जिन पर जमकर पत्थर बरसाए गए। इस मामले में पुलिस ने 50 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है जिसमें 20 आरोपी नामजद हैं।

तीन पुलिसकर्मी हुए घायल

छतरपुर के बकस्वाहा थाना क्षेत्र के चौरई गांव में यह घटना सोमवार की शाम घटित हुई। दूल्हे की रास पर दबंगों ने पथराव शुरू कर दिया। जिसमें आधा सैकड़ा बाराती शामिल थे। पथराव में तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। पुलिस ने 50 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है जिसमें 20 आरोपी नामजद हैं। पुलिस की कार्रवाई मंगलवार सुबह तक चलती रही। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस अधीक्षक अमित सांघी और एएसपी सहित दो थानों का बल मौके पर पहुंच गया। किंतु इसके बाद भी पथराव नहीं फका। काफी प्रयास करने के बाद हालात पर काबू पाए गए। पुलिस की मौजूदगी में बारात को सागर जिले के शाहगढ़ के लिए रवाना करवाया गया।

बारात को दी गई सुरक्षा

इस संबंध में बड़ा मलहरा डीएसपी शशांक जैन के मुताबिक बकस्वाहा थाना के चौरई गांव से रितेश अहिरवार की बारात सागर जिले के शाहगढ़ जा रही थी। रीतेश दिल्ली में काम करता है। इसके पूर्व गांव में घोड़ी पर बैठकर दूल्हे की रास घुमाई जानी थी। जिसका गांव के एक समुदाय ने विरोध किया। यह विरोध बलवा में तब्दील हो गया। मामले की जानकारी लगने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति पर काबू पाया। पुलिस की सुरक्षा में रास फिराई गई इसके बाद देर शाम बारात शाहगढ़ के लिए रवाना हो सकी। बारात को पुलिस की सुरक्षा प्रदान की गई। शादी के बाद भी अन्य कार्यक्रम पुलिस सुरक्षा में किए जाएंगे।

आरोपियों की तलाश जारी

चौरई गांव में रास के दौरान बारात में पत्थर बरसाए गए। जिस पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रास्ता रोकने, बलवा का प्रयास, बलवा, पथराव, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, मारपीट, धमकी देने समेत एससी-एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने खुद एफआईआर दर्ज की है किंतु सुरक्षा की लिहाज से अभी तक आरोपियों के नाम नहीं बताए गए हैं।

Next Story