छतरपुर

MP News: बागेश्वर धाम में महाशिवरात्रि पर होगा सामूहिक विवाह, 121 गरीब कन्याएं लेंगी सात फेरे

Sanjay Patel
21 Jan 2023 10:41 AM GMT
MP News: बागेश्वर धाम में महाशिवरात्रि पर होगा सामूहिक विवाह, 121 गरीब कन्याएं लेंगी सात फेरे
x
एमपी के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम में विवाह समारोह की तैयारियां जोरों से की जा रही हैं। 18 फरवरी महाशिवरात्रि के दिन सामूहिक विवाह का आयोजन होगा जिसमें 121 गरीब कन्याएं सात फेरे लेंगी।

एमपी के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम में विवाह समारोह की तैयारियां जोरों से की जा रही हैं। 18 फरवरी महाशिवरात्रि के दिन सामूहिक विवाह का आयोजन होगा जिसमें 121 गरीब कन्याएं सात फेरे लेंगी। गत वर्षों की तुलना में इस बार सामूहिक विवाह में सबसे अधिक आवेदन आए हैं। 550 आवेदन आने के कारण घर-घर जाकर सबसे ज्यादा जरूरतमंद कन्याओं का चयन विवाह सम्मेलन के लिए किया जा रहा है।

धाम के कार्यकर्ता घर-घर जाकर कर रहे जांच

छतरपुर के बागेश्वर धाम में गरीब कन्याओं को ही यह सुविधा मिलती है। बागेश्वर धाम में सामूहिक विवाह के लिए इस बार 550 आवेदन पहुंचे हैं। जबकि विवाह केवल 121 कन्याओं का कराया जाना है। बागेश्वर धाम कार्यालय पहुंचे आवेदनों की जांच के बाद अब कार्यकर्ता घर-घर जाकर पड़ताल करने में जुट गए हैं। धाम के कार्यकर्ताओं द्वारा आवेदक अभिभावक की हालत, आमदनी का साधन, घर में मौजूद सुविधाएं की जांच की जा रही है। जिससे यह पता चल सके कि वह वास्तव में गरीब है कि नहीं। जिसके बाद ही विवाह समारोह में उसे एंट्री मिल पाएगी।

संपन्न मिले तो नहीं होंगे पात्र

बागेश्वर धाम में आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह समारोह में वहीं पात्र होंगे जिनके बेटी की उम्र 18 वर्ष से अधिक हो इसके साथ ही उनकी आर्थिक स्थिति खराब हो। बीमारी से ग्रसित, कच्चा मकान, किसी प्रकार की अपंगता आदि में भी परिवार की बेटियां इसके लिए पात्र होंगी। वहीं संपन्न घरों के वर-वधु अपात्र माने जाएंगे। बागेश्वर धाम के कार्यकर्ता अब इसकी जांच कर रहे हैं कि यहां आए आवेदन में परिवार अपनी बेटी की शादी कर पाने में सक्षम हैं। यदि वह सक्षम पाए गए तो उनका आवेदन निरस्त कर दिया जाएगा। इस दौरान वर और वधू के लिए आए आवेदनों में उनके दस्तावेजों का भी सत्यापन किया जा रहा है कि लड़के की उम्र 18 और लड़के की उम्र 21 वर्ष से कम तो नहीं है।

दी जाती है यह सामग्री

यहां होने वाले सामूहिक विवाह सम्मेलन में डबल बेड के साथ गद्दा, बेड शीट, तकिया, कंबल, सोफा सेट, ड्रेसिंग टेबल, 121 बर्तनों का किचन सेट, 165 लीटर फ्रीज, कूलर, टीवी, आलमारी, ट्राली बैग, कन्या विवाह की अन्य सामग्री, वर निकासी के लिए घोड़ी, सफारी सूट, सेहरा, 4 साड़ी, श्रृंगार सामग्री, पायल, झुमकी, एक सोने का आइटम प्रदान किया जाता है। सर्वे कार्य कर रहे धाम के कार्यकर्ताओं की मानें तो एक कन्या को उपहार में तकरीबन एक लाख रुपए तक का सामान दिया जाएगा। यहां 121 कन्याओं का सामूहिक विवाह इस बार कराया जा रहा है जिसमें डेढ़ से दो करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है।

Next Story