छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी: कांकेर में 29 नक्सली ढेर, 3 जवान घायल; साढ़े 5 घंटे चली मुठभेड़

Rewa Riyasat News
16 April 2024 10:39 PM IST
29 Naxalites killed in Kanker
x

छत्तीसगढ़ के कांकेर में सुरक्षाबलों ने 29 नक्सली ढेर किए।

सुरक्षाबलों ने नक्सली लीडर शंकर राव और ललिता माड़वी को भी ढेर कर दिया, दोनों पर 25-25 लाख का इनाम था.

कांकेर, छत्तीसगढ़। लोकसभा चुनाव से पहले छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। कांकेर जिले के माड़ इलाके में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में 29 नक्सली मारे गए। इनमें नक्सली लीडर शंकर राव और ललिता माड़वी भी शामिल हैं। दोनों पर 25-25 लाख रुपए का इनाम घोषित था।

मुठभेड़ में BSF इंस्पेक्टर रमेश चौधरी सहित 3 जवान घायल हुए हैं। इनमें 2 DRG के जवान हैं। मौके से 5 AK-47 बरामद की गई। घायल जवानों को हेलीकॉप्टर से रायपुर लाया गया।

मुठभेड़ 5 घंटे से अधिक चली

यह मुठभेड़ साढ़े 5 घंटे से अधिक समय तक चली। DIG इंटेलिजेंस आलोक कुमार सिंह ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से कांकेर इलाके में नक्सलियों की गतिविधि बढ़ी थी। इसी के बाद पुलिस और BSF ने मिलकर अभियान चलाने का फैसला किया।

नक्सलियों को घेरकर शुरू हुई मुठभेड़

सुरक्षाबलों ने दोपहर करीब एक बजे नक्सलियों को घेर लिया। दो बजे मुठभेड़ शुरू हुई और यह शाम 7:30 बजे तक चली। इस दौरान, सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के शव भी बरामद किए।

कांकेर सीट पर 26 अप्रैल को मतदान होगा

बता दें 4 दिन बाद 19 अप्रैल को बस्तर लोकसभा चुनाव के लिए वोटिंग होनी है। कांकेर लोकसभा में दूसरे चरण में मतदान होना है। इसके लिए नामांकन फॉर्म भी भरे जा चुके हैं। जिस कांकेर में मुठभेड़ हुई है, वहां 26 अप्रैल को वोटिंग होगी।

कबीरधाम में भी नक्सलियों पर शिकंजा

कबीरधाम जिले में भी पुलिस ने नक्सलियों पर शिकंजा कस दिया है। नक्सलियों की सूचना देकर उन्हें पकड़वाने वाले को 5 लाख रुपए का इनाम देने की घोषणा की गई है। एसपी अभिषेक पल्लव ने इनाम के साथ ही पुलिस विभाग में सरकारी नौकरी देने का भी ऐलान किया है। सूचना देने के लिए एक हेल्प लाइन नंबर 78988 15399 भी जारी किया गया है। इसके लिए जवान गांव-गांव में नक्सलियों की तस्वीर वाली पोस्टर दीवारों पर लगा रहे हैं।

Rewa Riyasat News

Rewa Riyasat News

2013 में स्थापित, RewaRiyasat.Com एक विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है जो पाठकों को तेज़, सटीक और निष्पक्ष खबरें प्रदान करता है। हमारा उद्देश्य स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक की भरोसेमंद जानकारी पहुंचाना है।

Next Story