बिज़नेस

सोना की कीमतों में जबरदस्त उछाल, दस दिनों में कितने बढ़ गए दाम जान लें

Sanjay Patel
3 Dec 2022 8:56 AM GMT
सोना की कीमतों में जबरदस्त उछाल, दस दिनों में कितने बढ़ गए दाम जान लें
x
सोना की कीमतों में पिछले दिनों में जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया है। दस दिनों के भीतर इसकी कीमत 1 हजार 261 रुपए प्रति 10 ग्राम तक बढ़ गए हैं।

सोना की कीमतों में पिछले दिनों में जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया है। दस दिनों के भीतर इसकी कीमत 1 हजार 261 रुपए प्रति 10 ग्राम तक बढ़ गए हैं। जिससे सोना की खरीददारी करने वाले ग्राहकों को अपनी जेब थोड़ी और ढीली करनी पड़ेगी। वर्तमान में इसकी कीमत एक बार फिर 53 हजार 600 रुपए प्रति 10 ग्राम से ऊपर निकल गई है। जो करीब 27 महीनों में सोना की सबसे ऊंची कीमत बताई गई है। मौजूदा समय पर शादी-विवाह का सीजन होने के कारण इसकी मांग भी बढ़ी है जिससे सोना की बढ़ी कीमतों ने उसे खरीदने वालों की मंशा रखने वालों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं।

27 महीने में सोने की सबसे ऊंची कीमत

डॉलर में गिरावट के कारण दुनिया भर में सोना की कीमतें बढ़ गई हैं। जिसका असर भारतीय बाजार पर भी दिख रहा है। पिछले करीब 27 महीनों में सोना सबसे ऊंची कीमत पर है। इसके दाम एक बार फिर 53 हजार 600 रुपए प्रति 10 ग्राम से ऊपर पहुंच गए हैं। वर्ष 2021 की बात करें तो सोना ने कभी 53 हजार का स्तर नहीं छुआ। जबकि इससे पहले 18 अगस्त 2020 को सोना का दाम 53 हजार 815 रुपए प्रति ग्राम तक पहुंच गया था।

दस दिनों के अंदर 1261 रुपए बढ़े दाम

सोना कारोबारियों से जुड़े सूत्रों की मानें तो शुक्रवार को 24 कैरेट सोना की कीमत 53 हजार 611 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई। मात्र दो दिनों के भीतर सोना 860 रुपए महंगा हुआ। जबकि पिछले दस दिनों की बात की जाए तो इसमें 1 हजार 261 रुपए की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। इसी वर्ष 18 अप्रैल को केवल एक बार सोना के दाम 53 हजार 600 से ऊपर 53 हजार 603 रुपए हुए थे। जबकि 23 नवंबर को सोना 52 हजार 350 रुपए प्रति ग्राम पर था।

दाम बढ़ने के यह हैं कारण

अमेरिकी केन्द्रीय बैंक फेड के चेयरमैन जोरोम पावेल ने गत दिनों कहा था कि अब ब्याज दरों में कम बढ़ोत्तरी की जाएगी। सूत्रों की मानें तो जिसके चलते डॉलर गिरने लगा और सोने के दामों में तेजी प्रारंभ हो गई। डॉलर में गिरावट के कारण अंतर्राष्ट्रीय बाजार में सोना खरीदने वालों को अब ज्यादा डॉलर चुकाना पड़ रहा है। जबकि लोकल करंसी को सपोर्ट के लिए भारत-चीन समेत दुनिया भर के सेंट्रल बैंक लगातार सोने की खरीददारी कर रहे हैं। चीन में 22 जनवरी से नए साल का जश्न प्रारंभ होगा इस दौरान वहां सबसे अधिक सोना की खरीदी की जाती है।

Next Story