बिज़नेस

मैन्युफैक्चरिंग और सर्विस सेक्टर में दमदार ग्रोथ, 13 साल में सबसे तेज

मैन्युफैक्चरिंग और सर्विस सेक्टर में दमदार ग्रोथ, 13 साल में सबसे तेज
x
उपलब्धि: मार्च में 61.2 पर रहा सेवा क्षेत्र का कारोबारी गतिविधि सूचकांक.

नई दिल्ली. मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की गतिविधियां 16 साल की ऊंचाई पर पहुंचने के बाद मार्च, 2024 में सर्विस सेक्टर की ग्रोथ भी 13.5 साल में सबसे अधिक तेजी से बढ़ी। एचएसबीसी की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, मजबूत मांग के दम पर मार्च में सर्विस सेक्टर का कारोबारी गतिविधि सूचकांक (पीएमआइ) 61.2 पर पहुंच गया, जो फरवरी में 60.6 पर था। एचएसबीसी के अर्थशास्त्री इनेस लैम ने कहा, मार्च में मजबूत मांग के कारण सर्विस सेक्टर की बिक्री और व्यावसायिक गतिविधि में तेजी आई। सर्विस सेक्टर की कंपनियों ने उत्पादन क्षमता को बढ़ाने के लिए अगस्त 2023 के बाद मार्च में सबसे तेज गति से सबसे अधिक हायरिंग की।

कंपोजिट पीएमआइ बढ़ा

मैन्युफैक्चरिंग और सर्विस सेक्टर में दमदार ग्रोथ से भारत का कंपोजिट पीएमआइ आउटपुट इंडेक्स भी मार्च में बढ़कर 61.8 हो गया, जो फरवरी में 60.6 पर था। यह पिछले 13 वर्षों के सबसे मजबूत उछाल को दर्शाता है। यह विशेषज्ञों के अनुमान से भी अधिक है। अर्थशास्त्रियों को कंपोजिट पीएमआइ 61.3 रहने का अनुमान था। इनपुट कॉस्ट बढ़ने के बावजूद कंपनियां मार्जिन मेनटेन करने में सफल रहीं। सर्वे के मुताबिक, मार्च में निर्यात जून 2010 के बाद सबसे तेज रहा। सर्वे में प्रतिभागियों ने कहा, उन्हें अफ्रीका, एशिया, यूरोप, अमरीका से काफी लाभ हुआ।

ऐसे बढ़ा पीएमआइ

माह - मैन्युफैक्चरिंग - सर्विस

अक्टूबर - 55.5 - 58.4

नवंबर - 56.0 - 56.9

दिसंबर - 54.9 - 59.0

जनवरी - 56.5 - 61.8

फरवरी - 56.9 - 60.6

मार्च - 59.1 - 61.2

(50 से ऊपर पीएमआइ आर्थिक गतिविधियों में तेजी और 50 से कम गिरावट को दर्शाता है।)

Next Story