
Google का सबसे बड़ा दांव: 23 बिलियन डॉलर में इस स्टार्टअप को खरीदने की तैयारी, Alphabet के इतिहास का सबसे बड़ा अधिग्रहण होगा

Google Alphabet
टेक दिग्गज Google अपनी पैरेंट कंपनी Alphabet के माध्यम से इतिहास की सबसे बड़ी डील करने जा रही है। खबरों के अनुसार, Google 23 बिलियन डॉलर में इजरायली-अमेरिकी साइबर सिक्योरिटी स्टार्टअप कंपनी Wiz को खरीदने की तैयारी में है। यह सौदा यदि फाइनल होता है तो Google के इतिहास का सबसे बड़ा अधिग्रहण होगा।
अंतिम रूप के करीब, जल्द ऐलान संभव
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक Alphabet 23 बिलियन डॉलर में Wiz को खरीदने के सौदे को अंतिम रूप देने के करीब है। इस सौदे के तहत Google की पैरेंट कंपनी ज्यादातर भुगतान कैश में करेगी। अनुमान लगाया जा रहा है कि जल्द ही इस सौदे को अंतिम रूप दिया जाएगा और उसके बाद इसका आधिकारिक ऐलान किया जाएगा।
कई दिग्गज कंपनियों के साथ कर रही है काम
Wiz एक साइबर सिक्योरिटी स्टार्टअप कंपनी है जिसकी स्थापना इजरायल में हुई थी और अब इसका मुख्यालय अमेरिका के न्यूयॉर्क में है। यह कंपनी क्लाउड-आधारित साइबर सिक्योरिटी सेवाएं प्रदान करती है। तेजी से बढ़ रही इस नई कंपनी के ग्राहकों में मॉर्गन स्टेनली और डॉक्यूसाइन जैसे बड़े नाम शामिल हैं। यह कंपनी माइक्रोसॉफ्ट और अमेज़ॅन जैसी दिग्गज क्लाउड सेवा प्रदाता कंपनियों के साथ भी साझेदारी करती है।
कई देशों में कारोबार फैला चुकी है Wiz
Wiz का कारोबार कई देशों में फैला हुआ है। कंपनी के पास अमेरिका, यूरोप, एशिया और इजरायल में 900 कर्मचारी हैं। कंपनी इस साल 400 और कर्मचारियों को भर्ती करने की योजना बना रही है। यह कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग करके रियल टाइम में साइबर खतरों की पहचान करती है और उनसे बचाव के लिए उपाय करती है। साल 2023 में Wiz का राजस्व करीब 350 मिलियन डॉलर रहा था।
एक दशक पहले हुआ था ये बड़ा सौदा
यह सौदा Google के लिए एक ऐतिहासिक घटना हो सकती है। Google ने अपने दशकों पुराने इतिहास में इतना बड़ा सौदा पहले कभी नहीं किया है। अभी तक Google की सबसे बड़ी डील मोटोरोला मोबिलिटी को खरीदने की थी। वह सौदा 2012 में हुआ था और उस पर Google ने 12.5 बिलियन डॉलर खर्च किए थे। हालांकि वह सौदा Google के लिए घाटे का सौदा साबित हुआ था और बाद में उसने मोटोरोला मोबिलिटी को महज 2.91 बिलियन डॉलर में बेच दिया था। Wiz का प्रस्तावित सौदा उस सौदे से लगभग दोगुना है।
Aaryan Puneet Dwivedi
Aaryan Puneet Dwivedi is a senior editor and an experienced journalist who has been active in the news industry since 2013. He has extensive experience covering and editing news across multiple fields, including politics, national and international affairs, sports, technology, business, and social issues. He is a state-level accredited journalist recognized by the Madhya Pradesh government. Known for his in-depth understanding of news and current affairs, he focuses on delivering accurate, reliable, and reader-friendly information across all major news categories.




