भोपाल

मौसम विभाग ने जताई बारिश की संभावना, दो दिन गिर सकता है मावठा

Sanjay Patel
1 Jan 2023 11:03 AM GMT
मौसम विभाग ने जताई बारिश की संभावना, दो दिन गिर सकता है मावठा
x
नए वर्ष की इंट्री के साथ ही मौसम ने भी करवट ले ली। मौसम विभाग के अनुसार अगले चौबीस घंटे में मौसम में बदलाव होगा। आगामी दिनों में मावठा भी गिर सकता है।

नए वर्ष की इंट्री के साथ ही मौसम ने भी करवट ले ली। 1 जनवरी की सुबह जहां कोहरे के बीच नजर आई तो वहीं तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। आज सुबह ग्वालियर, चंबल, बुंदेलखंड और बघेलखंड में घना कोहरा छाया रहा तो वहीं ग्वालियर और दतिया में शीतलहर चलती रही। मौसम विभाग के अनुसार अगले चौबीस घंटे में मौसम में बदलाव होगा। आगामी दिनों में मावठा भी गिर सकता है।

5 और 6 जनवरी को बारिश के आसार

मौसम विभाग की मानें तो आगामी दिनों में मावठा के भी आसार नजर आ रहे हैं। जिसकी एंट्री जबलपुर से होगी। यह भोपाल के पास तक एक्टिव रह सकता है। जबलपुर, नर्मदापुरम और बैतूल के आसपास के इलाकों में दो दिन बारिश होने की संभावना जताई गई है। जिससे तापमान और लुढ़कने के साथ ही ठंड में इजाफा होगा। अधिकांश इलाकों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस नीचे जा सकता है। इस दौरान भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम की बात की जाए तो यहां तापमान 9 डिग्री से नीचे जा सकता है। जबकि ग्वालियर, चंबल, बघेलखंड, बुंदेलखंड और महाकौशल में पारा 7 डिग्री से नीचे लुढ़क सकता है। जिससे हाड़ कंपा देने वाली ठण्ड पड़ सकती है।

कोहरा छाये रहने की संभावना

प्रदेश के कई इलाकों में रविवार से हल्का से मध्यम कोहरा रहने की संभावना है। यह नॉर्थ मध्यप्रदेश में प्रभावी रहेगा। मौसम विभाग की मानें तो ग्वालियर, चंबल और खजुराहो में दो-तीन दिन कोहरा छाया रहेगा। जबकि भोपाल, इंदौर समेत अन्य इलाकों में सुबह और शाम को हल्की धुंध छा सकती है। इस दौरान रतिया, ग्वालियर, शिवपुरी, श्योपुर, भिंड और मुरैना में घना कोहरा रहेगा। वहीं भोपाल, सागर, रायसेन, सतना और रीवा में मध्यम कोहरा रहेगा।

नॉर्थ इस्टरली विंड बढ़ाएगी ठंड

मौसम विभाग की मानें तो नॉर्थ इस्टरली विंड से ठंड और बढ़ सकती है। इस दौरान यदि नॉर्थ में बर्फबारी होती है तो तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा सकती है। अभी उत्तर में ज्यादा बर्फबारी नहीं हो रही है जिससे सिस्टम स्ट्रांग नहीं हो पा रहे हैं। हिमायल में बर्फबारी नहीं होने के कारण वहां से आने वाली हवाएं शुष्क हैं। इनमें नमी नहीं होने के कारण यह उत्तर के मैदानी इलाकों में तो ठंड ला रही हैं किन्तु इसका असर मध्यप्रदेश तक नहीं दिख रहा है।

Next Story