भोपाल

एमपी के भोपाल में शुरू हुई पहली सीएम संजीवनी पॉलीक्लीनिक, विशेषज्ञ चिकित्सकों की मिलेंगी सुविधाएं

Sanjay Patel
10 Dec 2022 9:34 AM GMT
एमपी के भोपाल में शुरू हुई पहली सीएम संजीवनी पॉलीक्लीनिक, विशेषज्ञ चिकित्सकों की मिलेंगी सुविधाएं
x
संजीवनी क्लीनिकों को शिवराज सरकार अपग्रेड करने जा रही है। भोपाल के गोविंदपुरा में संजीवनी क्लीनिक को अपग्रेड कर प्रदेश का पहला मुख्यमंत्री संजीवनी पॉलीक्लीनिक प्रारंभ किया गया है।

कमलनाथ सरकार द्वारा शहरी क्षेत्रों की घनी आबादी और झुग्गी बस्तियों में दिसम्बर 2019 में संजीवनी क्लीनिक की शुरुआत की गई थी। जिसमें एक मेडिकल ऑफिसर की पोस्टिंग कर प्राइमरी उपचार देने की सुविधा मुहैया कराई गई थी। अब उन संजीवनी क्लीनिकों को शिवराज सरकार अपग्रेड करने जा रही है। भोपाल के गोविंदपुरा में संजीवनी क्लीनिक को अपग्रेड कर प्रदेश का पहला मुख्यमंत्री संजीवनी पॉलीक्लीनिक प्रारंभ किया गया है। यह पॉलीक्लीनिक औद्योगिक क्षेत्र के बीच में स्थापित है जहां बड़ी संख्या में श्रमिक काम करते हैं। ऐसे में दुर्घटना आदि की स्थिति में मरीजों को तुरंत उपचार की सुविधा मुहैया हो सकेगी।

एक्सपर्ट चिकित्सक रहेंगे मौजूद

गेविंदपुरा में स्थित पहले सीएम संजीवनी पॉलीक्लीनिक में नियमित चिकित्सा सुविधाओं के साथ ही लोगों को एक्सपर्ट चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यहां फ्री पैथालॉजिकल जांचों सहित दवाएं निःशुल्क उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही स्त्री रोग, शिशु रोग विशेषज्ञ, दंत चिकित्सक एवं आयुष डॉक्टर की सेवाएं भी नियमित रूप से मिल सकेंगी। वहीं नेत्र रोग, त्वचा रोग, नाक कान गला विशेषज्ञों सहित फिजियोथेरेपिस्ट की सेवाओं के लिए दिन नियत रहेंगे। जिनका लाभ भी मरीज उठा सकेंगे।

32 पॉलीक्लीनिक जल्द होंगे प्रारंभ

कैबिनेट ने हाल ही में 226 नई स्वास्थ्य संस्थाएं प्रारंभ करने की मंजूरी दी है। प्रदेश भर में 190 सीएम संजीवनी पॉलीक्लीनिक प्रारंभ की जाएंगी। प्रदेश की पहली सीएम संजीवनी पॉलीक्निक का उद्घाटन भोपाल के गोविंदपुरा में किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी मौजूद रहे। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि भोपाल शहर में 32 और मुख्यमंत्री संजीवनी पॉलीक्लीनिक प्रारंभ किए जाएंगे। बताया गया है कि यहां वरिष्ठ चिकित्सकों की सेवाएं भी मरीजों को मुहैया कराई जाएंगी। पॉलीक्लीनिक में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे के बीच चाइल्ड स्पेशलिस्ट, गायनेकोलॉजिस्ट और मेडिसिन एक्सपर्ट मौजूद रहेंगे। जहां आने वाले मरीजों को जांच के साथ ही दवाइयां भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।

संजीवनी क्लीनिक में यह मिलती हैं सुविधाएं

संजीवनी क्लीनिक में मरीजों को बेहतर सेवाएं प्रदान की जाती हैं। जिनमें आपातकालीन सेवाएं, ओपीडी सेवाएं, मातृ स्वास्थ्य सेवाएं, नवजात एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, परिवार कल्याण सेवाएं, बाल एवं किशोर स्वास्थ्य सेवाएं, नेत्र एवं नाक-कान-गला सर्विस, ओरल हेल्थ सेवाएं, मानसिक रोग सेवाएं, वृद्धजन एवं पैलिएटिव केयर, रेफरल सर्विस के साथ ही आठ प्रकार की निःशुल्क जांचें उपलब्ध कराई जाती हैं।

Next Story