भोपाल

एमपी के भोपाल में महिला के साथ हैवानियत, लोहे की गर्म राड से पूरे शरीर को दागा

Sanjay Patel
22 May 2023 9:40 AM GMT
एमपी के भोपाल में महिला के साथ हैवानियत, लोहे की गर्म राड से पूरे शरीर को दागा
x
MP News: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में महिला के साथ हैवानियत किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। महिला के ससुराल वालों ने उसके शरीर को गर्म राड से दाग डाला।

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में महिला के साथ हैवानियत किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। महिला के ससुराल वालों ने उसके शरीर को गर्म राड से दाग डाला। इस कृत्य को अंजाम देने में पति, देवर और सास शामिल रहे। इस दौरान महिला के प्राइवेट पार्ट को भी जलाया है। पुलिस द्वारा मामले में एफआईआर दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश प्रारंभ कर दी गई है।

क्या है मामला

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भोपाल के सूखी सेवनिया के ग्राम घाटखेड़ी की रहने वाली 31 वर्षीय महिला गृहणी है। महिला का पति ओमप्रकाश निजी कार्य करता है। कुछ दिन पहले महिला अपने घर चली गई थी। जिसकी जानकारी परिजनों को नहीं थी। जिसको लेकर घर में विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। जिस पर पति ओमप्रकाश, देवर कल्लू और उसकी महिला की सास मिश्रीबाई ने महिला के साथ पहले मारपीट की। इसके बाद लोहे की गर्म राड से पूरे शरीर को दाग डाला। महिला की चीख आसपास के लोगों ने सुनी तो किसी ने इसकी जानकारी पुलिस को दे दी। महिला को उपचार के लिए विदिशा अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत नाजुक बताई गई है।

राड से दागने के शरीर पर मिले दस घाव

महिला के साथ मारपीट और उसके शरीर पर गर्म राड से दागने के दस घाव पाए गए हैं। महिला का उपचार चिकित्सकों द्वारा किया जा रहा है जहां उसकी हालत नाजुक बताई गई है। महिला की हालत पर चिकित्सक लगातार नजर बनाए हुए हैं। बताया गया है कि महिला को दो बच्चे भी हैं। इस मामले में महिला के मायके वालों ने आरोप लगाया है कि उसको ससुराल पक्ष द्वारा दहेज के लिए लगातार परेशान किया जाता रहा है। बार-बार उसे मायके से दहेज लाने का दबाव बनाया जाता था। इसके साथ ही उसके चरित्र पर भी शंका की जाती थी। पुलिस द्वारा महिला के पति, देवर और सास पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Next Story