भोपाल

Ayodhya Bypass Flyover: राजधानी भोपाल की अयोध्या बायपास फोरलेन सड़क बनेगी सिक्सलेन, 6 फ्लाईओवर भी बनेंगे

Sanjay Patel
23 Sep 2023 7:10 AM GMT
Ayodhya Bypass Flyover: राजधानी भोपाल की अयोध्या बायपास फोरलेन सड़क बनेगी सिक्सलेन, 6 फ्लाईओवर भी बनेंगे
x
MP News: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के अयोध्या बायपास फोरलेन सड़क में 6 फ्लाईओवर बनाए जाएंगे। 17 किलोमीटर लंबी इस फोरलेन सड़क को एक्सप्रेस-वे की तर्ज पर सिक्स लेन बनाया जाएगा।

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के अयोध्या बायपास फोरलेन सड़क में 6 फ्लाईओवर बनाए जाएंगे। 17 किलोमीटर लंबी इस फोरलेन सड़क को एक्सप्रेस-वे की तर्ज पर सिक्स लेन बनाया जाएगा। नेशनल हाईवे अथारिटी ने यह कार्य करने की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट भी तैयार कराई है। इस एक्सप्रेस-वे के दोनों ओर दो-दो लेन चौड़ी सर्विस रोड भी बनाई जाएगी। यह कार्य पूर्ण होने के बाद एयरपोर्ट जाने के दौरान लगने वाला समय घट जाएगा। एक घंटे का सफर 20 मिनट में ही पूरा होगा।

केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय को भेजा जाएगा डीपीआर

एनएचएआई द्वारा तैयार किए गए डीपीआर को केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय को भेजा जाएगा। जिसको हरी झंडी मिलते ही ग्लोबल टेंडर जारी किया जाएगा। एनएचएआई कार्यालय से बताया गया कि रत्नागिरी तिराहा से एयरपोर्ट तक अयोध्या बायपास फोरलेन सड़क से होकर आवाजाही में नागरिक मुख्य चौराहों व तिराहों में परेशान होते हैं। यातायात का दबाव अधिक होने से अयोध्या बायपास फोरलेन सड़क संकरी सी लगती है। इसलिए एनएचएआई के तकनीकी विशेषज्ञांे ने अयोध्या बायपास से होकर गुजरने वाले वाहनों की वर्तमान संख्या और इस सड़क पर अगले 20 वर्ष बाद मौजूदा रहने वाले वाहनों की संख्या का गंभीरता से अध्ययन करते हुए बायपास के अगले 20 वर्ष के लिए विकास योजना तैयार कराई गई।

12सौ करोड़ रुपए होंगे खर्च

भोपाल स्थित रत्नागिरी तिराहा से एयरपोर्ट के बीच अयोध्या बायपास फोरलेन सड़क को एक्सप्रेस-वे की तर्ज पर सिक्सलेन में तब्दील किया जाएगा। इस सिक्सलेन सड़क पर 6 फ्लाईओवर बनाए जाएंगे। इसमें एनएचएआई की इस परियोजना की लागत करीब 12सौ करोड़ रुपए आएगी। नेशनल हाईवे अथारिटी ऑफ इंडिया राजधानी भोपाल की सड़कों के विकास हेतु यह राशि खर्च करने के लिए तैयार है।

इन स्थानों पर बनेंगे फ्लाईओवर

रत्नागिरी तिराहा से एयरपोर्ट तक अयोध्या बायपास फोरलेन सड़क से होकर आवाजाही में नागरिक मुख्य चौराहों व तिराहों पर परेशान होते हैं। कई स्थानों पर लगने वाले जाम के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। फ्लाईओवर बन जाने से लोगों को काफी राहत मिलेगी। भोपाल के रत्नागिरी तिराहा से एयरपोर्ट के बीच 6 फ्लाईओवर बनाए जाएंगे। जिसमें करोंद चौराहा, भानपुर चौराहा, अयोध्या नगर, गांधी नगर चौराहा और जेके रोड तिराहा, बेस्ट प्राईज तिराहा क्षेत्र शामिल हैं।

बनेंगी दो-दो लेन सर्विस रोड

भोपाल में अयोध्या बायपास की विकास परियोजना में मुख्य सड़क को सिक्सलेन बनाने के साथ ही इसके दोनों ओर दो-दो लेन चौड़ी सर्विस रोड बनाने का कार्य भी शामिल है। फोरलेन सड़क को सिक्सलेन बनाने के साथ ही यह कार्य भी पूर्ण कराया जाएगा। एनएचएआई कार्यालय के मुताबिक शहर में रत्नागिरी तिराहे के पास से रायसेन सड़क लोक निर्माण विभाग के अधीन है। इसलिए अयोध्या बायपास के विस्तार की योजना बनाते समय पीडब्ल्यूडी से भी सलाह ली गई थी। इस कार्य में एनएचएआई का सहयोग पीडब्ल्यूडी भी करेगा।

इनका कहना है

इस संबंध में नेशनल हाईवे अथारिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) भोपाल के प्रोजेक्ट डायरेक्टर आरके गुप्ता का कहना है कि राजधानी के रत्नागिरी तिराहे से एयरपोर्ट के समीप तक अयोध्या बायपास फोरलेन सड़क को सिक्सलेन बनाया जाएगा। इसके साथ ही यहां चार से अधिक फ्लाईओवर बनाने का डीपीआर तैयार हो चुका है। केन्द्रीय सड़क मंत्रालय से डीपीआर को अनुमति मिलने के बाद कार्य की निविदा जारी की जाएगी।

Next Story