भिंड

करंट की चपेट में आने से सात नीलगायों की हुई मौत, खेत के चारों ओर बिछा रखे थे तार

Sanjay Patel
9 Feb 2023 11:29 AM GMT
करंट की चपेट में आने से सात नीलगायों की हुई मौत, खेत के चारों ओर बिछा रखे थे तार
x
MP News: फसलों को मवेशियों से बचाने किसानों द्वारा नित नए तरीके ईजाद किए जा रहे हैं। जिससे पशुओं को असमय काल के गाल में समाना पड़ता है।

फसलों को मवेशियों से बचाने किसानों द्वारा नित नए तरीके ईजाद किए जा रहे हैं। जिससे पशुओं को असमय काल के गाल में समाना पड़ता है। ऐसा ही एक मामला भिंड जिले का सामने आया है जहां आवारा मवेशियों से फसलों को बचाने के लिए खेत के चारों ओर हाईवोल्टेज करंट के तार बिछाए गए थे। जिसकी जद में आने से सात नीलगायों की एक साथ मौत हो गई। घटना के बाद से किसान मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश की जा रही है।

24 घंटे खेत के चारों ओर प्रवाहित होता था करंट

घटना भिंड अंतर्गत ग्राम लाड़मपुरा की बताई गई है। बरोही थाना पुलिस ने बताया कि गांव में खेतों को आवारा मवेशियों से बचाने के लिए किसान मुकेश द्वारा ट्रांसफार्मर से खेत के चारों तरफ तार बिछा दिए गए थे। जिसमें 24 घंटे करंट प्रवाहित होता रहता था। जिनकी जद में आकर एक साथ सात नीलगायों ने दम तोड़ दिया। सुबह कुछ ग्रामीण जब खेत के समीप से गुजरे तो उन्होंने नीलगायों को मृत अवस्था में देखा। जिसकी सूचना उनके द्वारा पुलिस को दी गई। जिसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मौका मुआयना कर परिस्थिति देखते हुए पशुपालन विभाग को भी इसकी सूचना दी गई। पुलिस द्वारा करंटयुक्त तार हटवाकर मृत मवेशियों को हटवाया गया।

बंटाई पर ले रखा था खेत

ग्रामीणों की मानें तो जिस खेत पर यह घटना हुई उसे बंटाई यानी किराए पर लिया गया था। किसान मुकेश द्वारा खेत के चारों ओर करंटयुक्त तार बिछा दिया गया था जिसे मवेशियों से फसल को बचाया जा सके। हद तो यह है कि इसकी जद में कोई इंसान भी आ सकता था। लोगों का कहना है कि मुकेश द्वारा फसल को बचाने के लिए यह गलत तरीका अपनाया गया। इस दौरान जब मौके पर पुलिस पहुंची तो किसान मौके से फरार हो गया।

झटका मशीन से बचाएं फसल

आवारा मवेशियों से फसलों को बचाने के लिए बाजार में झटका मशीनें मिलने लगी हैं। जिसमें भी तार होते हैं। जिसके माध्यम से खेत के चारों ओर की गई फेंसिंग के तारों में हल्का करंट छोड़ा जाता है। जिसके संपर्क में जब मवेशी आते हैं तो उन्हें हल्का झटका महसूस होता है। इसके साथ ही एक अलार्म भी बजने लगता है जिससे किसान सचेत हो जाते हैं। वहीं करंट के हल्के झटके से मवेशी खेत से दूर भाग जाते हैं।

Next Story