एमपी के उमरिया में पुलिस और गोंगपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, जमकर चले पत्थर व लाठियां

MP News: मध्यप्रदेश के उमरिया जिले में पुलिस और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। विवाद बढ़ने पर जहां प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया तो वहीं बचाव में पुलिस ने लाठियां भांजना प्रारंभ कर दीं।

Update: 2023-09-27 08:58 GMT

मध्यप्रदेश के उमरिया जिले में पुलिस और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। विवाद बढ़ने पर जहां प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया तो वहीं बचाव में पुलिस ने लाठियां भांजना प्रारंभ कर दीं। इस झड़प में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिनको उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।

प्रदर्शन कर रहे थे गोंगपा कार्यकर्ता

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के कार्यकर्ता उमरिया में भ्रष्टाचार की जांच करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान हजारों कार्यकर्ता रानी दुर्गावती चौराहे पर धरना दे दिए। जिससे मौके पर जाम के हालात निर्मित हो गए। इस दौरान पुलिस अधिकारी उन्हें समझाने के लिए मौके पर पहुंची। समझाइश के दौरान ही विवाद बढ़ गया और प्रदर्शनकारियों के तेवर उग्र हो गए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बल पर पथराव करना प्रारंभ कर दिया। उनके वाहन में तोड़फोड़ कर दी। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस ने भी लाठीचार्ज कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने भी पुलिस पर लाठियां भांजी। इस झड़प में कई पुलिसकर्मियों को चोटें पहुंची हैं। एएसपी प्रतिपाल सिंह महोबिया भी घायल हुए हैं।

गोंगपा ने लगाए यह आरोप

मानपुर विधानसभा क्षेत्र में सरकारी कार्यों में भ्रष्टाचार करने का आरोप गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के कार्यकर्ताओं ने लगाए। जिसकी जांच की मांग को लेकर उनके द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा था। पार्टी के राधेश्याम काकोडिया ने प्रदर्शन से पहले पत्रकारों से बातचीत में मंत्री और विधायक पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। इसके बाद रानी दुर्गावती चौराहे पर हजारों कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए।

इनका कहना है

इस संबंध में आईजी शहडोल जोन डीसी सागर का कहना है कि गोंगपा के प्रदर्शन के दौरान झड़प की जानकारी मिलते ही वह उमरिया पहुंचे। अस्पताल पहुंचकर उन्होंने घायल पुलिसकर्मियों का हाल-चाल जाना। उनका कहना है कि 15 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। तीन को सिर में चोट लगने की वजह से रेफर किया गया है। जिन लोगों ने शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश की है उन पर कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News