निवर्तमान कलेक्टर को दी गई भावभीनी विदाई : SATNA NEWS
Get Latest Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, Today News in Hindi, Breaking News, Hindi News - Rewa Riyasat
निवर्तमान कलेक्टर डॉ. सतेंद्र सिंह का विदाई समारोह रविवार को सिविल लाइन स्थित एक होटल में आयोजित किया गया। विदाई समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. सतेंद्र सिंह ने कहा कि सतना में कार्यकाल के दौरान सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का भरपूर सहयोग मिला है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वय तथा सहयोग से ही कार्य मे सफलता मिलती है। सभी अधिकारियों ने टीम भावना से कार्य किया है। कार्यकाल के दौरान पुलिस अधीक्षक, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, नगर निगम आयुक्त सहित सभी कर्मचारियों ने पूर्ण सहयोग किया है। जिससे जिले एवं शहर मे विकास के कार्य कराये गए हैं। डॉ. सिंह ने नवागत कलेक्टर से कहा कि वे उर्जा उत्साह एवं वर्तमान परिवेश के साथ कार्य करें। उन्हें कर्मचारियों का पूर्ण सहयोग मिलेगा।
नवागत कलेक्टर अजय कटेसरिया ने डॉ. सिंह के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि कलेक्ट्रेट सहित अच्छी विरासत मिली है। इसे संभाल कर रखा जाएगा। पुलिस अधीक्षक रियाज इकबाल ने कहा कि निवर्तमान कलेक्टर की व्यवहार शैली कुशल रही वे सभी को सम्मान देते हैं। उन्होने कहा कि डॉ. सिंह फील्ड में अधिक भ्रमण करते थे। अपने कार्यकाल में उन्होने स्कूल भवन, पंचायत भवन, मंडी, आंगनवाड़ी केंद्र एवं सड़कों के सुधार एवं निर्माण कार्य प्राथमिकता से किए हैं, जो उल्लेखनीय कार्य है। वन मंडल अधिकारी राजीव मिश्रा ने कहा कि डॉ. सिंह की कार्यशैली बेहतर रही। जिससे जिले में अभूतपूर्व परिवर्तन आया है। नगर निगम आयुक्त अमन वीर सिह ने कहा कि डॉ. सिंह नगर निगम के प्रशासक भी रहे। जिनके मार्गदर्शन में शहर के विकास को गति मिली है। अपर कलेक्टर आईजे खलखो ने कहा कि निवर्तमान कलेक्टर का जिले में एक वर्ष दो माह का कार्यकाल रहा है।
इनके कार्यकाल मे प्रत्येक अधिकारी कर्मचारी की कार्यशैली में गति आई। उन्होने कहा कि जिले में विकास कार्यो एवं संरचनाओं को मूर्त रूप दिया गया। महिला बाल विकास अधिकारी सौरभ सिंह ने कहा कि निवर्तमान कलेक्टर द्वारा जिले में करीब 500 आंगनवाड़ी केंद्रों को शासकीय भवनों में संचालित कराया गया। वन स्टॉप सेंटर को आईएसओ प्रदान कराया तथा जिले को स्कॉच अवार्ड दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसी प्रकार एसडीएम पीएस त्रिपाठी ने कहा कि निवर्तमान कलेक्टर का कार्यकाल अविस्मरणीय रहा। राजस्व के कार्यों में प्रदेश में स्थान दिलाया। जिले को अग्रणी पंक्ति में लाने में सहयोग किया। तहसीलदार मानवेंद्र सिंह ने डॉ. सिंह के कार्यो एवं अनुभवों को साझा किया एवं इनकी कार्यशैली एवं नेतृत्व की प्रशंसा की। पटवारी बृजेश निगम ने इनके कार्यो की सराहना करते हुए उत्तरोत्तर प्रगति की कामना की। राजस्व अधिकारी राजीव शुक्ला ने कहा कि डॉ. सिंह ने आमजनों मे एक अमिट छाप छोड़ी है। कार्यक्रम का संचालन तहसीलदार ऋषि नारायण सिंह ने किया। कार्यक्रम में निवर्तमान कलेक्टर को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए तथा नवागत कलेक्टर श्री कटेसरिया का स्वागत किया गया।