एमपी के सतना में 20 फुट के अजगर ने निगल लिया जिंदा बकरा, मचा हड़कम्प

MP News: मध्यप्रदेश के सतना जिला अंतर्गत रामनगर में एक अजगर ने बकरे को जिंदा निगल लिया। जिसके बाद हड़कम्प की स्थिति निर्मित हो गई। यह दृश्य जिसने भी देखा उसके रोंगटे खड़े हो गए।

Update: 2023-06-28 09:45 GMT

मध्यप्रदेश के सतना जिला अंतर्गत रामनगर में एक अजगर ने बकरे को जिंदा निगल लिया। जिसके बाद हड़कम्प की स्थिति निर्मित हो गई। यह दृश्य जिसने भी देखा उसके रोंगटे खड़े हो गए। अभी तक लोगों ने यह दृश्य फिल्मों में ही देखा होगा या फिर किताबों में पढ़ा होगा। किंतु अपनी आंखों के सामने इस तरह के दृश्य देख लोग सहम उठे।

बकरे को देखा तो होश उड़ गए

मामला सतना जिले के रामनगर क्षेत्र के ग्राम खारा का है। यहां मंगलवार को 20 फुट के एक अजगर ने जिंदा बकरे को निगल लिया। बताया गया है कि अजगर खारा गांव में खेतों के समीप स्थित खेरदाई माता के चबूतरे से कुछ दूर पर मंगलवार की शाम को पड़ा था। इसी दौरान रामलाल पाल निवासी बड़ा इटमा अपनी बकरियों को चरा रहा था। इसी दौरान एक बकरे के जोर-जोर से चिल्लाने की आवाज आने लगी तब रामलाल का ध्यान बकरे की ओर गया। आंखों के सामने का दृश्य देख वह दहशतजदा हो गए। बकरा अजगर के मुंह में फंसा था और वह छटपटा रहा था। धीरे-धीरे बकरे का पूरा शरीर अजगर के मुंह के अंदर समाता जा रहा था। इस तरह का खौफनाक दृश्य देख उनके रोंगटे खड़े हो गए।

अजगर के पेट में समा गया बकरा

रामलाल ने इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी। जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कोई बकरे को निगलता देखने में मशगूल रहा तो कोई मोबाइल पर वीडियो बनाने लगा। कुछ ही देर में बकरा अजगर के पेट में समा गया और उसकी छटपटाहट खत्म हो गई। बकरा निगलने के बाद अजगर वहीं पर आराम फरमाने लगा। ग्रामीणों द्वारा इसकी जानकारी वन अमले को दी गई किंतु वन विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों ने ग्रामीणों की सुध नहीं ली। ग्रामीणों का कहना है कि जिस तरह से गांव में अजगर ने डेरा डाल रखा है उसको लेकर ग्रामीणों में दहशत है। लोगों का आना जाना बना रहता है। समीप ही बस्ती भी है ऐसे में बच्चों और मवेशियों को लेकर वह भयभीत हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अलग की लंबाई लगभग 20 फुट है। बकरे को जिंदा निगलने के बाद से उनमें दहशत का माहौल है।

Tags:    

Similar News