रीवा: जीप की चपेट में आई मासूम की मौत, गुस्साए लोगों ने लगाया जाम
Get Latest Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, Today News in Hindi, Breaking News, Hindi News - Rewa Riyasat
रीवा। तेज रफ्तार जीप ने सड़क के किनारे खड़ी मासूम बच्ची को टक्कर मार दी। इस हृदय विदारक हादसे में बच्ची की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जिससे गुस्साए लोगों ने सड़क में जाम लगा दिया। तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। करीब डेढ़ घंटे तक समझाइश के बाद परिजन जाम खोलने को राजी हो गए। यह हादसा रायपुर कर्चुलियान थाने के सेंदुरा गांव का है।
घर के किनारे खेल रही थी बच्ची जानकारी के अनुसार ममता कोरी पिता संतोष कोरी (६) निवासी सेंदुरा शनिवार को अपरान्ह करीब तीन बजे घर के बाहर खड़ी हुई थी। उसी दौरान रीवा से सिरमौर तरफ जा रही तेज रफ्तार जीप ने बच्ची को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना देखकर स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा और उन्होंने रीवा-बैकुंठपुर मार्ग में जाम लगा दिया। देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतार लग गई। हादसे की सूचना मिलते ही रायपुर कर्चुलियान, सगरा, बैकुंठपुर सहित अन्य थानों का बल मौके पर पहुंच गया।
समझाईश देकर पुलिस ने खुलवाया जाम इस दौरान पुलिस ने लोगों को समझाईश देकर शांत करवाने का प्रयास किया लेेकिन वे कलेक्टर व एसपी को बुलाने की मांग पर अड़े हुए थे। पुलिस ने परिजनों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया जिसके बाद वे जाम खोलने को राजी हो गए। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया। जिस समय यह हादसा हुआ उस समय माता-पिता काम करने गए थे और वह दूसरे सदस्यों के साथ घर पर थी। जीप को जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
सड़क के किनारे आकर मारी टक्कर उक्त बच्ची को जीप ने सड़क के किनारे आकर टक्कर मारी थी। बच्ची सड़क के किनारे स्थित घर के सामने ही खेल रही थी और चालक ने अचानक गाड़ी किनारे तरफ कर दी जिससे वह चपेट में आ गई। हालांकि कुछ लोगों का कहना था कि बच्ची सड़क तरफ आ गई थी जिससे यह हादसा हुआ है। अब वास्तविकता क्या है यह तो जांच के बाद ही सामने आएगा।