रीवा : गुजरात जा रहा था युवक तो दो बाइकर्स ने मोबाइल मांगा नहीं देने पर पीटा फिर नहर में ले जाकर चारो बदमाशों ने युवक को फिर पीटा, युवक को नहर में फेककर भाग गए
Get Latest Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, Today News in Hindi, Breaking News, Hindi News - Rewa Riyasat
रीवा. सरेराह बाइकर्स ने युवक का अपहरण कर उसे जमकर पीटा। युवक का सामान छीनकर बदमाश मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस पहुंच गई।बुरी तरह घायल युवक को अस्पताल में भिजवा दिया। बदमाशों को पकडऩे के लिए पुलिस ने नाकाबंदी की है। हालांकि उनका पता नहीं चल पाया है। घटना सिटी कोतवाली थाने के लोही नहर की बताई जा रही है।
चारों ने मिलकर युवक को बुरी तरह पीटा गुढ़ थाना अन्तर्गत ग्राम पटना निवासी विवेक अग्निहोत्री पिता किशनलाल (24) गुजरात के दहेज शहर में स्थित कंपनी के मैकेनिकल इंजीनियर के पद पर काम करता था। मंगलवार की दोपहर युवक गुजरात जाने के लिए घर से निकला था। वह गुढ़ से टैक्सी में सवार होकर रीवा आ रहा था। गाड़ी में सवार एक व्यक्ति ने युवक को सतना की बस आने की जानकारी दी जिस पर युवक सिटी कोतवाली थाने के लोही नहर में उतर गया। जैसे ही टैक्सी रवाना हुई तभी दो युवक बाइक में सवार होकर पहुंचे और युवक से बात करने के लिए मोबाइल मांगा। युवक ने मोबाइल देने से मना कर दिया तो बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। सरेराह उसके साथ जमकर मारपीट की और गाड़ी में बैठाकर उसे नहर के किनारे-किनारे करीब ढाई किमी तक ले गए जहां एक पेड़ के नीचे उनके दो साथी बाइक लेकर खड़े थे। चारों ने मिलकर युवक को बुरी तरह पीटा और उसके बैग, मोबाइल व तीन हजार रुपए नगद छीनकर चंपत हो गए। बैग में पीडि़त के दस्तावेज रखे हुए थे। युवक घायल अवस्था में वहां पड़ा हुआ था। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी गई। तत्काल पुलिस मौके पर पहुंच गई जिसने घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस ने कंट्रोल रुम के माध्यम से बदमाशों को पकडऩे के लिए नाकाबंदी की। सभी थानों को सूचना भेजी गई लेकिन उनका पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि बदमाश स्थानीय थे जो बड़े आराम से घटना को अंजाम देकर निकल गए।
मां को छोड़कर वापस लौट रहा था युवक उक्त युवक अपनी मां को छोड़कर वापस लौट रहा था। मां का इलाज करवाने वह गुजरात ले गया था और इलाज करवाकर उन्हें वापस घर छोडऩे आया था। मंगलवार को वह मां को छोड़कर वापस गुजरात ड्यूटी ज्वाइन करने जा रहा था लेकिन रास्ते में ही घटना का शिकार हो गया। युवक को सतना से गुजरात के लिए ट्रेन पकडऩी थी।
घर में ढाई घंटे छिपा रहा घायल युवक इस घटना से युवक काफी दहशत में था। किसी तरह जान बचाकर वहां से भागे युवक ने एक घर में पनाह ली। उसने महिला के मोबाइल से घर वालों को घटना की जानकारी दी जो लोही नहर के पास आ गए। घर वालों के साथ पुलिस काफी देर तक युवक की तलाश में भटकती रही। करीब ढाई घंटे बाद युवक घर में छिपा मिला जिसकी हालत देखकर परिजनों के भी होश उड़ गए।
सीसी टीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस इस घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों की तलाश करने के लिए पुलिस सीसी टीवी फुटेज खंगाल रही है। लोगों की दुकानों के बाहर लगे कैमरों को पुलिस ने चेक किया है लेकिन बदमाश उसमें कैद नहीं हुए है। बुधवार को पुलिस टोल प्लाजा का फुटेज चेक करेगी। बदमाश यदि गुढ़ से उसका पीछा कर रहे थे तो टोल प्लाजा के कैमरे में अवश्य कैद हुए होंगे।
बदमाशों की तलाश की जा रही है शिवेन्द्र सिंह, सीएसपी रीवा ने बताया कि युवक पर हमला कर बदमाश बाइक में बैठाकर ले गए थे। उसके साथ मारपीट कर बैग, मोबाइल व रुपए छीनकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और घायल को अस्पताल भिजवा दिया। बदमाशों की तलाश की जा रही है।