REWA: गला घोंटकर छात्र की हत्या, बगीचे में मिला शव
Get Latest Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, Today News in Hindi, Breaking News, Hindi News - Rewa Riyasat
Rewa Riyasat News
रीवा। पांच दिन पूर्व रहस्यमय ढंग से लापता हुए छात्र का रविवार की सुबह शव मिलने से सनसनी फैल गई। छात्र का शव बगीचे में मिला है जिसकी हत्या करके शव को ठिकाने लगाया गया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटना सेमरिया थाने के चचाई गांव की है।
स्थानीय लोगों ने देखा शव
रविवार की सुबह यहां यूकेलिप्टस के बगीचे में युवक का शव स्थानीय लोगों ने पड़ा देखा था। घटना से पूरे गांव में सनाका खिंच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस दौरान सीन आफ क्राइम यूनिट के वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी डा. आरपी शुक्ला ने भी टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। उसकी पहचान अरुण कुमार सेन पिता अंगद प्रसाद (२५) निवाी पिपराछा थाना कोटर जिला सतना हाल मुकाम नरेन्द्र नगर थाना सिविल लाइन रीवा के रूप में हुई है। पुलिस की सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
युवक के गले में थे निशान
युवक के गले में निशान थे जिससे गला घोंटकर उसकी हत्या की आशंका जताई जा रही है। युवक को कहीं अन्यत्र मारा गया है और शव को ठिकाने लगाने के इरादे से बगीचे में फेंका गया है। युवक की जेब में उसका मोबाइल व 70 रुपए मिले है। आशंका जताई जा रही है कि किसी ने पुरानी रंजिश को लेकर यह पूरी घटना को अंजाम दिया है। पुलिस अब घटनास्थल से मिले भौतिक साक्ष्यों के आधार पर घटना की जांच में जुटी है।
27 नवम्बर को शहर से हुआ था लापता
उक्त युवक शहर में रहकर पढ़ाई कर रहा था। 27 नवम्बर की शाम वह मैदान में दौडऩे जाने की बात कहकर घर से निकला था जिसके बाद वह लौटकर नहीं आया। रात में परिजनों ने उसे फोन लगाया तो भाई के घर पार्टी में आने और रात में वहीं रुकने की जानकारी दी। इसके बाद युवक का पता नहीं चला। सुबह परिजनों ने उसे खोजना शुरू किया लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। जिस पर पुलिस ने गुम इंसान कायम कर उसके मोबाइल का टावर लोकेशन ट्रेस किया तो वह सेमरिया थाने के चचाई गांव का निकला था। उसका मोबाइल चालू था जिससे पुलिस आसपास उसकी तलाश कर रही थी।