देवतालाब विधायक गिरीश गौतम के बेटे राहुल ने ठुकराया मऊगंज जिला उपाध्यक्ष का पद, जानिए वजह

मऊगंज में बीजेपी जिला उपाध्यक्ष बने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम के बेटे राहुल गौतम ने पद छोड़ने की पेशकश की है। उन्होंने कहा कि कोई और कार्यकर्ता वंचित न रहे।;

Update: 2025-09-01 15:04 GMT

रीवा। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की जिला कार्यकारिणियों की घोषणा के बाद मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में एक बड़ी खबर सामने आई है। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और देवतालाब विधायक गिरीश गौतम के बेटे राहुल गौतम ने पार्टी में मिले जिला उपाध्यक्ष के पद को छोड़ने की पेशकश की है। उन्होंने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को पत्र लिखकर यह अनुरोध किया है।

पार्टी को धन्यवाद, पद छोड़ने की बताई वजह

राहुल गौतम ने अपने पत्र में लिखा कि पार्टी ने उन पर भरोसा दिखाया है और इसके लिए वे प्रदेश अध्यक्ष सहित सभी पदाधिकारियों का धन्यवाद करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि वे खुद को हजारों कार्यकर्ताओं में से एक मानते हैं, जो निस्वार्थ भाव से पार्टी को मजबूत करने के लिए काम करते हैं। उन्होंने लिखा कि चूंकि संगठन में पदों की संख्या सीमित है, इसलिए सभी को एक साथ मौका नहीं मिल सकता।

'किसी और कार्यकर्ता को मिले मौका'

राहुल गौतम ने अपनी इस पेशकश की वजह भी बताई। उन्होंने कहा कि वे पहले भी संगठन में जिम्मेदारी संभाल चुके हैं, इसलिए इस बार यह पद किसी और कार्यकर्ता को दिया जाना चाहिए। उन्होंने अनुरोध किया कि उनकी नियुक्ति का आदेश वापस लेकर किसी अन्य योग्य कार्यकर्ता को यह जिम्मेदारी सौंपी जाए।

बीजेपी की नई जिला कार्यकारिणी में राहुल का नाम सबसे ऊपर

मऊगंज के बीजेपी जिलाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र मिश्रा ने 31 अगस्त को नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा की थी। इस कार्यकारिणी में 8 उपाध्यक्ष बनाए गए, जिसमें सबसे पहला नाम राहुल गौतम का ही था। कार्यकारिणी में तीन महामंत्री, सात मंत्री और अन्य कई पदाधिकारियों के नाम भी शामिल हैं। पद छोड़ने के अपने फैसले पर राहुल गौतम ने कहा कि उनकी मंशा यह है कि उनकी वजह से कोई भी कार्यकर्ता, जो पार्टी के लिए काम करता है, वह पद से वंचित न रह जाए।

Tags:    

Similar News