'विराट कोहली' दशक के बेस्ट क्रिकेटर : The Cricketer Magazine

Get Latest Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, Today News in Hindi, Breaking News, Hindi News - Rewa Riyasat

Update: 2021-02-16 06:11 GMT
  • खेल के तीनों प्रारूपों में विराट कोहली ने दबदबा बनाया,
  • द क्रिकेटर मैगजीन ने 50 क्रिकेटरों की सूची तैयार की है

पिछले कुछ वर्षों से खेल के तीनों प्रारूपों में समान रूप से दबदबा बनाए रखने वाले भारतीय कप्तान विराट कोहली को मशहूर मैगजीन ‘द क्रिकेटर’ ने पिछले एक दशक का बेस्ट क्रिकेटर चुना है. मैगजीन ने पिछले दस वर्षों में शानदार प्रदर्शन करने वाले 50 क्रिकेटरों की सूची तैयार की है जिसमें पुरुष और महिला दोनों क्रिकेटर शामिल हैं.

भारत से कोहली के अलावा इस सूची में ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन (14वें), वनडे में तीन दोहरे शतक जड़ने वाले रोहित शर्मा (15वें), वर्ल्ड कप विजेता कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (35वें), ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा (36वें) और महिला क्रिकेट टीम की दिग्गज मिताली राज (40) शामिल हैं.

मैगजीन ने कोहली के बारे में लिखा है, ‘दशक के बेस्ट खिलाड़ी के लिए भारतीय कप्तान सर्वसम्मत चयन था. विराट कोहली ने इस दशक में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किसी भी अन्य खिलाड़ी की तुलना में सर्वाधिक 20,960 रन बनाए.’ सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला दूसरे स्थान पर हैं, लेकिन उन्होंने कोहली से लगभग 5000 रन कम बनाए हैं.

सचिन तेंदुलकर ने इसी दशक में 100 शतकों का इतिहास रचा और फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा. इसमें लिखा गया है, ‘तेंदुलकर ने 2013 में जब 100 शतकों के रिकॉर्ड के साथ संन्यास लिया तो कहा जाने लगा कि कोई उनकी बराबरी नहीं कर पाएगा लेकिन अब कोहली 70 शतकों के साथ दूसरे नंबर पर काबिज रिकी पोंटिंग से केवल एक शतक पीछे है.’

कोहली ने अपने 70 शतकों में से 69 शतक 2010 से 2019 के बीच लगाए. उन्होंने अब तक कप्तान के रूप में कुल 166 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, लेकिन जिम्मेदारी के साथ उनकी बल्लेबाजी में अधिक निखार आया क्योंकि इन मैचों में उनका औसत 66.88 है.

दशक के चोटी के क्रिकेटरों की सूची में शीर्ष दस में कोहली के बाद जेम्स एंडरसन, ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेटर एलिस पैरी, स्टीव स्मिथ, हाशिम अमला, केन विलियमसन, एबी डिविलयर्स, कुमार संगाकारा, डेविड वॉर्नर और डेल स्टेन को रखा गया है.

अश्विन भारतीयों में दूसरे स्थान पर हैं. वह 2010 से लेकर 2019 तक सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे. उन्होंने टेस्ट मैचों में 362 और सीमित ओवरों के मैचों में 202 विकेट लिये हैं. रोहित ने सलामी बल्लेबाज के रूप में तीनों प्रारूप में खुद को साबित किया है.

Similar News