ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस से दिया इस्तीफा, लिखा- अब आगे बढ़ने का समय, थोड़ी देर में होंगे भाजपा में शामिल
Get Latest Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, Today News in Hindi, Breaking News, Hindi News - Rewa Riyasat
भोपाल/ कांग्रेस महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने लिखा है कि अब आगे बढ़ने का समय आ गया है। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस से इस्तीफा देने से पहले पीएम मोदी से मुलाकात की थी। उसके बाद गृह मंत्री अमित शाह के साथ बाहर निकले थे, फिर गुजरात भवन पहुंचकर उन्होंने इस्तीफा दे दिया। इसके बाद अब मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार को बचना मुश्किल हो गया है।
थोड़ी देर में बीजेपी में होंगे शामिल
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने यह इस्तीफा नौ मार्च को ही लिखा है। उन्होंने अपने ट्वीटर हैंडल से इस्तीफे की चिट्ठी को ट्वीट किया है। जिसमें तारीख अंकित है। अब सिंधिया समर्थक लोग भी जल्द ही कांग्रेस से इस्तीफा देंगे। कहा जा रहा है कि विधिवत रूप से थोड़ी देर में ज्योतिरादित्य सिंधिया बीजेपी में शामिल होंगे। उसके बाद आगे की रणनीति तय होगी।
राज्यसभा जाएंगे ज्योतिरादित्य सिंधिया
वहीं, चर्चा है कि बीजेपी ज्योतिरादित्य सिंधिया को राज्यसभा भेजेगी। साथ ही उन्हें मोदी कैबिनेट में जगह भी मिलेगी। विधायक दल की बैठक में मंगलवार को भोपाल में बीजेपी के नेता का चुनाव होगा। उसके बाद मध्यप्रदेश में नई सरकार की ताजपोशी होगी। भोपाल में भी अब हलचल बढ़ गई है। कहा जा रहा है कि बीजेपी की तरफ से शिवराज सिंह चौहान की ही ताजपोशी होगी।
20 मंत्रियों ने दिया इस्तीफा
इसके साथ ही सोमवार को देर रात कमलनाथ कैबिनेट की बैठक हुई थी। बैठक में सरकार के बीस मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया था। उसके बाद यह कयास लगाए जा रहे थे कि सिंधिया खेमे के मंत्रियों को कमलनाथ बर्खास्त कर देंगे। उससे पहले ही ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पीएम मोदी से जाकर मुलाकात कर ली। उसके बाद हलचल बढ़ गई। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कहा है कि मध्यप्रदेश में सरकार गिराने की साजिश कर्नाटक में रची गई है।
News Courtesy Patrika.Com