जिस CBI ऑफिस का किया था उद्घाटन वहीं गिरफ्तार होकर पहुंचे चिदंबरम, पढ़ें विशिष्ट अतिथि से आरोपी बनने तक का सफर
Get Latest Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, Today News in Hindi, Breaking News, Hindi News - Rewa Riyasat
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (Central Bureau of Investigation) ने पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम (P Chidambaram) को आईएनएक्स मीडिया (INX Media) से संबंधित मामले में बुधवार रात को गिरफ्तार कर लिया.
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (Central Bureau of Investigation) ने पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम (P Chidambaram) को आईएनएक्स मीडिया (INX Media) से संबंधित मामले में बुधवार रात को गिरफ्तार कर लिया. एजेंसी के अधिकारी पूर्व वित्त मंत्री को उनके आवास से सीबीआई मुख्यालय (CBI Headquarter) ले गए. गुरुवार को चिदंबरम को रॉउज एवेन्यू के स्पेशल सीबीआई कोर्ट में पेश किया जाएगा. ख़बर है कि उन्हें सीबीआई के स्पेशल जज अजय कुमार की अदालत में पेश किया जा सकता है.
गिरफ्तार होने से पहले चिदंबरम कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करने के बाद अपने आवास पर पहुंचे थे. सीबीआई के करीब 30 अधिकारियों की टीम दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के साथ जोर बाग स्थित चिदंबरम के आवास पर पहुंची. कुछ देर मुख्य दरवाजा खटखटाने के बाद अधिकारियों ने परिसर की दीवार फांदकर घर में प्रवेश किया. बाद में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की एक टीम भी वहां पहुंची. करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद चिदंबरम को गिरफ्तार कर लोदी रोड सीजीओ काम्पलेक्स स्थित सीबीआई मुख्यालय ले जाया गया.
विशिष्ट अतिथि से आरोपी तक सीबीआई के जिस दफ्तर में चिदंबरम को गिरफ्तार करके ले जाया गया है उसका उद्घाटन यूपीए सरकार (UPA Government) में गृह मंत्री पलानीअप्पन चिदंबरम ने ही किया था. वर्तमान सीबीआई मुख्यालय का भवन मनमोहन सिंह सरकार (Manmohan Singh Government) में 2011 में बनकर तैयार हुआ था. उस समय उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह मुख्य अतिथि थे. इस कार्यक्रम में पी चिदंबरम विशिष्ट अतिथि बनकर पहुंचे थे. बुधवार को सीबीआई उन्हें बतौर आरोपी उसी मुख्यालय में लेकर गई है.करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद चिदंबरम को गिरफ्तार कर सीबीआई मुख्यालय ले जाया गया
अचानक पहुंचे कांग्रेस मुख्यालय चिदंबरम बुधवार की शाम अचानक कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे थे, जहां उन्होंने रात सवा आठ बजे मीडिया को संबोधित किया. उन्होंने दावा किया कि वह कानून से भाग नहीं रहे हैं एवं उनके खिलाफ लगाए गए आरोप झूठे हैं. इस दौरान उनके साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल, कपिल सिब्बल, सलमान खुर्शीद और अभिषेक मनु सिंघवी भी मौजूद थे.
एजेंसियों द्वारा पूर्व वित्त मंत्री के घर पर पहुंचने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए चिदंबरम के पुत्र एवं सांसद कार्ति ने ट्वीट कर कहा, एजेंसियों द्वारा किया जा रहा ड्रामा और तमाशा महज सनसनी फैलाने और कुछ तमाशाबीनों के फायदे के लिए है.
गौरतलब है कि आईएनएक्स मीडिया मामले में दिल्ली हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद सीबीआई अधिकारी मंगलवार को चिदंबरम के दिल्ली स्थित आवास पहुंचे, लेकिन वहां उनसे मुलाकात नहीं होने पर अधिकारियों ने एक नोटिस चस्पा कर उन्हें दो घंटे में पेश होने का निर्देश दिया.
इसके जवाब में चिदंबरम की कानूनी टीम ने कहा कि नोटिस में कानून के उन प्रावधानों का जिक्र नहीं किया गया है जिनके तहत उन्हें तलब किया गया. साथ ही उन्होंने उच्चतम न्यायालय में बुधवार सुबह उनकी याचिका पर सुनवाई होने से पहले कोई बलपूर्वक कार्रवाई ना करने की अपील भी की. सीबीआई की टीम बुधवार को सुबह एक बार फिर चिदंबरम के आवास पहुंची थी. ईडी ने उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया था.